दिल्ली: ATM काटकर 19 लाख उड़ाने वाले मेवाती गैंग का सदस्य गिरफ्तार, राजस्थान से दबोचा
नई दिल्ली, 04 मई (अन्नू): यह वारदात 29 और 30 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि को हुई थी। हिताची पेमेंट सर्विसेज के कानूनी सलाहकार की शिकायत के अनुसार, वेस्ट विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें मौजूद 19,32,600 रुपये चोरी कर लिए गए थे। घटना के समय एटीएम में कुल 19 लाख से ज्यादा का बैलेंस था।
सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिली सफलता
डीसीपी पंकज कुमार के अनुसार, इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि पलवल निवासी इमरान ने अपने साथियों रोबिन और भूरा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए पीछा करते हुए आरोपी रोबिन को राजस्थान के भरतपुर से दबोच लिया।
वारदात में इस्तेमाल कार और नगदी बरामद
आरोपी रोबिन के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर (Swift Dzire) कार और चोरी की गई नगदी में से 22,500 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में रोबिन ने खुलासा किया कि वह पहले नाई की दुकान पर काम करता था और बाद में टैक्सी चलाने लगा। करीब 20 दिन पहले इमरान ने उसे मोटी रकम का लालच देकर इस गैंग में शामिल किया था।
कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
पकड़ा गया आरोपी जिस गैंग का हिस्सा है, उसका सरगना इमरान मेवाती एक घोषित अपराधी है, जिस पर देश के विभिन्न राज्यों में एटीएम चोरी और कटिंग के 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए वारदात के समय अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना इमरान और उसके साथी भूरा की तलाश में छापेमारी कर रही है।
#DelhiPolice #CrimeBranch #ATMRobbery #MewatiGang #DelhiCrime #PalwalNews #Bharatpur #HitachiPayments #BreakingNews #LawAndOrder #DanikKhabar
Previous
2 करोड़ की रंगदारी मामला: नंदू गैंग का मुख्य शूटर कप्तान उर्फ तन्ना दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार
Next