जालंधर-पठानकोट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कॉलेज प्रिंसिपल और उनके बेटे सहित तीन की मौत
पंजाब, 10 मार्च (अन्नू): जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित चौलांग टोल प्लाजा के पास सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहाँ सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो पिकअप में पीछे से आ रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस भीषण टक्कर में अर्टिगा सवार दसूहा के केएमएस (KMS) कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. शबनम सैनी और उनके 18 वर्षीय बेटे तुषांत की जान चली गई। हादसे में पिकअप के चालक राहुल (निवासी गुरदासपुर) की भी मौत हो गई, जबकि पिकअप का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल डॉ. शबनम अपनी बेटी से मिलने जालंधर गई थीं, जो हाल ही में अमेरिका से आई थी। रात करीब 9 बजे जब वह अपने बेटे के साथ वापस घर लौट रही थीं, तभी टोल प्लाजा के पास यह हादसा पेश आया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अंधेरा होने के बावजूद सड़क पर खड़ी पिकअप गाड़ी की पार्किंग लाइटें नहीं जल रही थीं, जिसके कारण पीछे से आ रही कार चालक को वह दिखाई नहीं दी और कार सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप पलट गई और अर्टिगा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर टोल प्लाजा के कर्मचारी और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। घायल क्लीनर विलियम ने बताया कि वे जालंधर से खाली गाड़ी लेकर लौट रहे थे और कुछ समय के लिए टोल पर रुके थे, तभी पीछे से जोरदार टक्कर हुई। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
#JalandharPathankotHighway #Jalandhar #RoadAccident #Tragedy #DasuyaNews #PunjabPolice #Pathankot #HighwaySafety #LocalNewsUpdate #Punjab #KMSCollege #DanikKhabar