दिल्ली : 2.5 साल से फरार 50 हजार का इनामी आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 21 मार्च (अन्नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ANTF) ने ढाई साल से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी अतोनु हलदर उर्फ अतुल हलदर (23 वर्ष) को गुजरात के गांधीनगर से पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी सरिता विहार में साल 2023 में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और उसे अदालत द्वारा भगोड़ा (Proclaimed Offender) भी घोषित किया जा चुका था।
यह मामला 15 सितंबर 2023 का है, जब सरिता विहार इलाके में एक व्यक्ति पर उनके घर के पास ही चाकू और लाठियों से जानलेवा हमला किया गया था। मृतक के 15 वर्षीय बेटे की शिकायत के अनुसार, आरोपी राजू पात्रा, अतोनु हलदर और अन्य लड़के मोटरसाइकिलों पर आए और उसके पिता को बुरी तरह पीटा। जब पीड़ित ने जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में छिपने की कोशिश की, तब भी हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा और उन पर ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव करने आई मृतक की पत्नी को भी चोटें आई थीं। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित की मृत्यु हो गई थी।
डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राहुल अलवाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर महिपाल और उनकी टीम ने इस केस की गुत्थी सुलझाने के लिए तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। हवलदार नवीन ने पुराने मोबाइल नंबरों और कॉल रिकॉर्ड्स का बारीकी से विश्लेषण किया, जिससे एक संदिग्ध नंबर मिला जिसकी लोकेशन हर महीने बदल रही थी। पुलिस टीम ने इस सुराग का पीछा करते हुए गुजरात के गांधीनगर में जाल बिछाया और अंततः अतोनु हलदर को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वारदात के बाद वह पहले मुंबई भागा, फिर प्रयागराज में रहा और पिछले एक साल से गुजरात में एक स्टोर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। आरोपी केवल आठवीं तक पढ़ा है और दिल्ली में रहने के दौरान गलत संगत में पड़ गया था। पुलिस इस मामले में छह अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। अतोनु की गिरफ्तारी से इस पुराने मामले की जांच अब पूरी हो गई है।
#DelhiPolice #CrimeBranch #WantedAccused #SaritaViharCase #PoliceAction #DelhiNews #GujaratUpdate #LegalNews #DanikKhabar