24/03/26

विदेश भेजने के नाम पर लाखों की चपत: यमुनानगर के युवक से ऑस्ट्रेलिया का झांसा देकर ठगे 6.65 लाख, देखें क्या है पूरा मामला

हरियाणा/यमुनानगर,  24 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के यमुनानगर जिले में सुनहरे भविष्य और विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर एक युवक से लाखों रुपए हड़पने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जगाधरी के कल्याण नगर निवासी अशोक कुमार ने चंडीगढ़ की एक इमीग्रेशन कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां मोटी कमाई वाली नौकरी दिलाने का लालच देकर करीब 6.65 लाख रुपए ऐंठ लिए, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही उसके पैसे लौटाए गए।



घटना की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित ने सोशल मीडिया पर ई.वी.एस. ग्रुप इमीग्रेशन नामक कंपनी का विज्ञापन देखा। कम खर्च में विदेश भेजने के दावों से प्रभावित होकर अशोक ने अप्रैल 2025 में चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में संपर्क किया। वहां मौजूद संचालकों ने उसे भरोसे में लेते हुए बताया कि वे कम पढ़े-लिखे युवाओं को भी विदेश में सैटल करा देते हैं। सौदा 12 लाख रुपए में तय हुआ, जिसमें से शुरुआती खर्च के नाम पर किश्तों में साढ़े छह लाख से ज्यादा की रकम वसूल ली गई। पीड़ित ने अपनी जमा-पूंजी और कीमती दस्तावेज भी आरोपियों के हवाले कर दिए थे।


वक्त बीतने के साथ जब वीजा नहीं लगा, तो आरोपियों ने बहानेबाजी शुरू कर दी। अक्टूबर 2025 की समय सीमा निकल जाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को बताया कि उसकी फाइल ऑस्ट्रेलिया सरकार ने रद्द कर दी है और जल्द ही उसके पैसे वापस कर दिए जाएंगे। हालांकि, पैसे लौटाने के बजाय आरोपियों ने पीड़ित का फोन उठाना बंद कर दिया और दफ्तर जाने पर उसे अपमानित कर भगा दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम के लिए दबाव बनाया, तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।



पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले भी पुलिस जांच के दौरान पैसे लौटाने की बात मान चुके थे, लेकिन बाद में अपनी बात से मुकर गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जगाधरी सिटी थाना पुलिस ने जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन विज्ञापनों और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है जिनके जरिए यह ठगी अंजाम दी गई। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी इमीग्रेशन कंपनी को पैसा देने से पहले उसकी प्रमाणिकता की अच्छी तरह जांच कर लें।



#YamunanagarNews #ImmigrationFraud #TravelAgentScam #HaryanaPolice #CrimeUpdate #AbroadJobScam #JagadhriNews #LegalAction #FraudAlert #DanikKhabar

Previous

रेवाड़ी: शादी की बुकिंग के नाम पर बेंगलुरु के आईटी अधिकारी से 3 लाख की ठगी, पूर्व कर्मचारी ने लगाया चूना

Next

कई किसानों की आय हुई दोगुनी: संसद में बोले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान; देखें किसानों के लिए और क्या-क्या बोले मंत्री