रेवाड़ी: शादी की बुकिंग के नाम पर बेंगलुरु के आईटी अधिकारी से 3 लाख की ठगी, पूर्व कर्मचारी ने लगाया चूना
हरियाणा/रेवाड़ी, 24 मार्च (अन्नू): हरियाणा के रेवाड़ी जिले में धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ बेंगलुरु की एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में कार्यरत अधिकारी को शादी के लिए रिजॉर्ट बुक करना भारी पड़ गया। पीड़ित अधिकारी, टैनी सतेजा, की शादी 7-8 फरवरी को तय थी। इसके लिए उन्होंने धारूहेड़ा स्थित एक नामी रिजॉर्ट को चुनते हुए वहां के एक कर्मचारी पुलकित से संपर्क किया। पुलकित ने बुकिंग पक्की करने के नाम पर सितंबर 2025 में कुल 3 लाख रुपये ऐंठ लिए, जिसमें 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर और 2 लाख रुपये नकद शामिल थे।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब टैनी सतेजा ने शादी की तारीख नजदीक आने पर अपनी बुकिंग का स्टेटस जानने के लिए रिजॉर्ट प्रबंधन से संपर्क किया। उन्हें यह जानकर गहरा धक्का लगा कि रिजॉर्ट के रिकॉर्ड में उनकी कोई बुकिंग दर्ज ही नहीं है और न ही उनके द्वारा दी गई राशि वहां जमा कराई गई है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस कर्मचारी 'पुलकित' को उन्होंने पैसे दिए थे, वह बुकिंग के समय रिजॉर्ट की नौकरी पहले ही छोड़ चुका था।
इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक, गुरुग्राम निवासी राकेश कुमार ने धारूहेड़ा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलकित साल 2022 से उनके यहाँ कार्यरत था और बुकिंग का काम देखता था, लेकिन उसने नौकरी छोड़ने के बाद अपनी पुरानी पहचान का गलत फायदा उठाते हुए आईटी अधिकारी के साथ यह ठगी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
#RewariNews #Dharuhera #FraudAlert #HaryanaPolice #WeddingScam #CrimeNews #CyberSafety #DanikKhabar