चंडीगढ़: सेक्टर 22 की मोबाइल मार्केट में लगी भयानक आग, बचाव कार्य जारी
चंडीगढ़, 18 मार्च (अन्नू): चंडीगढ़ के सेक्टर 22 स्थित व्यस्त मोबाइल मार्केट में बुधवार दोपहर को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस बाजार को इलेक्ट्रॉनिक्स और स्मार्टफोन का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहाँ भारी संख्या में ग्राहकों की आवाजाही रहती है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया, जिससे दुकानदारों और खरीदारी करने आए लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग हरकत में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए वर्तमान में करीब 33 दमकल की गाड़ियां और नगर निगम के पानी के टैंकर मोर्चा संभाले हुए हैं। अग्निशमन कर्मियों को संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण शुरुआत में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस अग्निकांड के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। राहत की बात यह है कि समय रहते बाजार खाली कराने से किसी के हहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन करोड़ों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
#ChandigarhFire #Sector22 #MobileMarket #BreakingNews #FireSafety #ChandigarhNews #EmergencyAlert #DanikKhabar