10/03/26

चंडीगढ़: अवैध पिस्टल के साथ कॉलेज छात्र गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने नाकाम की साजिश

चंडीगढ़, 10 मार्च (अन्‍नू): चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने ट्राइसिटी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना को विफल करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान डडूमाजरा कॉलोनी के निवासी मोहित के रूप में हुई है, जो शहर के एक निजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। यह कार्रवाई डीएसपी लक्ष्य पांडेय की देखरेख और इंस्पेक्टर नरिंदर पटियाल के नेतृत्व में की गई।


गिरफ्तारी की प्रक्रिया तब शुरू हुई जब पुलिस टीम सारंगपुर के पास गश्त पर थी। आईआरबी कॉम्प्लेक्स की तरफ से पैदल आ रहे मोहित ने जब सामने पुलिस को देखा, तो उसने भागने की कोशिश की। संदेह होने पर टीम ने पीछा कर उसे काबू किया और तलाशी के दौरान हथियार बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।


जांच में सामने आया है कि मोहित का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पहले से ही सेक्टर-39 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 126(2) और 351(2) के तहत मामले दर्ज हैं। साथ ही मलोया थाने में भी उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट का एक केस दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने यह हथियार कहाँ से खरीदा था और कॉलेज में उसके साथ इस साजिश में और कौन शामिल है।



#ChandigarhNews #CrimeBranch #ArmsAct #PoliceArrest #TricityNews #CrimeUpdate

Previous

यमुनानगर: ओपी जिंदल पार्क की झील में मिला टूरिज्म विभाग के कुक का शव, इलाके में सनसनी

Next

फरीदाबाद: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पार करते समय भीषण सड़क हादसा, बिहार के युवक की दर्दनाक मौत