चंडीगढ़: डिजिटल अरेस्ट कर 46 लाख ठगने वाले गुजरात के 3 जालसाज गिरफ्तार
चंडीगढ़, 17 अप्रैल (अन्नू): चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुजरात के कच्छ (गांधीधाम) से तीन आरोपियों—रमेश अजय भाई अबचुंग, योगेश देवजी महेश्वरी और हितेश नरन बोरिचा को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर दविंदर की अगुवाई में टीम ने इन आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ लाया है। जांच में सामने आया कि ये आरोपी ठगी की बड़ी राशि को ठिकाने लगाने के लिए कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।
झूठा डर दिखाकर की वसूली
ठगी का यह खेल बेहद शातिर तरीके से खेला गया। आरोपियों ने खुद को पुलिस और जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग को फोन किया और उन्हें डराया कि उनका नाम किसी संगीन मामले में आया है। "डिजिटल अरेस्ट" के नाम पर पीड़ित को घंटों वीडियो कॉल पर रखा गया ताकि वह किसी और से मदद न मांग सके। गिरफ्तारी और बैंक खाते फ्रीज होने के डर से घबराकर पीड़ित ने आरोपियों के बताए खातों में किश्तों में कुल 46 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बैंक खातों के बड़े नेटवर्क का खुलासा
पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला दिसंबर 2025 का है। मुख्य आरोपी रमेश के खाते में ठगी के 15 लाख रुपये आए थे, जिन्हें बाद में अलग-अलग जगहों से निकाल लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी अहमदाबाद के एक मास्टरमाइंड के लिए काम करते थे और कमीशन के लालच में अपने खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है ताकि ठगी के इस बड़े नेटवर्क की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
#ChandigarhNews #CyberCrime #DigitalArrest #FraudAlert #GujaratPolice #CyberCell #OnlineSafety #CrimeUpdate #DanikKhabar #DanikKhabarChandigarh
Previous
झांसी में सिलेंडर धमाके से मचा हड़कंप: दीपक की लौ ने जलाया घर, कमरे की छत भी उड़ी
Next