08/08/26

चंबा बस दुर्घटना: बैरागढ़ से आ रही बस पलटने से 7 की मौत, 11 घायल; पीएम मोदी ने जताया दुख

आरएस अनेजा, 8 अगस्त नई दिल्ली - हिमाचल प्रदेश के चंबा ज़िले में आज सुबह एक बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है।

दुर्घटना सुबह करीब 7:15  बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चलुआंज मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से उतरकर नीचे दूसरी सड़क पर गिर गई।

घायलों में से 6 लोगों को आगे के इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्‍सा महाविद्यालय तथा अस्‍पताल चंबा रेफर किया गया है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले 7 लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया पोस्ट पर मोदी ने इस घटना में अपनों को खोने वाले परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Previous

उकलाना: 'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' के तहत 4 जिंदा कारतूसों के साथ युवक गिरफ्तार; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

Next

NIA की बड़ी कार्रवाई: सीमा पार आतंकी साजिश मामले में दो के खिलाफ चार्जशीट दाखिल; पैसेंजर ट्रेन को बम से उड़ाने का था प्लान