21/09/25

जी.एम.एन. कॉलेज अम्बाला में नशा मुक्ति पर जागरूकता व्याख्यान

जे कुमार, अम्बाला 21 सितम्बर - जी.एम.एन. कॉलेज में नशा मुक्ति विषय पर एक सारगर्भित जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। यह व्याख्यान प्रख्यात समाजसेवी एवं नशा मुक्ति चेतना संघ (पंजी.) के संस्थापक सदस्य जसबीर सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।



कार्यक्रम में 60 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और उनके बहुमूल्य विचारों से लाभान्वित हुए। जसबीर सिंह निवासी जालंधर (पंजाब), ने थापर विश्वविद्यालय, पटियाला से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने पी.पी.एस.सी. 1992 में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और एस.डी.ओ., पी.डब्ल्यू.डी. (बी एंड आर) के रूप में चयनित हुए। किंतु उन्होंने उसी दिन सेवा से त्यागपत्र देकर समाज सेवा को आजीवन कार्यक्षेत्र के रूप में चुन लिया।



वर्तमान में वे आर.एस.एस. उत्तर क्षेत्र के सह प्रचार प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं और तीन दशकों से समाजोत्थान तथा नशा मुक्ति जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहे हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, सतर्क रहने तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। इस व्याख्यान ने विद्यार्थियों को नशामुक्त और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वस्थ और नशामुक्त भविष्य के निर्माण की दिशा में एक प्रभावशाली पहल सिद्ध हुआ।

#ambala #news #gmncollege

Previous

पांच दिवसीय सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप का समापन समारोह का आयोजन

Next

अम्बाला में अंडर 15 बॉयज़ फुटबॉल टूर्नामेंट का 23 सितम्बर से 25 सितम्बर तक किया जाएगा आयोजन