09/08/26

राजस्थान ब्यावर जिले के कोटड़ी में नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में पशुपालन मंत्री ने किया गौशाला का लोकार्पण

एन.एस.बाछल, 09 अगस्त, जयपुर।

पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को ब्यावर जिले के किशनपुरा ग्राम कोटड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में श्री गौरी शंकर नीलकंठ महादेव हिम्मत सिंह नंदी गौशाला का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, पशुपालन विभाग अजमेर के अतिरिक्त निदेशक (क्षेत्र) नवीन परिहार सहित साधु-संत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

लोकार्पित गौशाला क्षेत्र में विचरण करने वाले निराश्रित एवं मूक गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा एवं सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गौशाला में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के साथ उनकी देखभाल एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

24 जून को रखी गई थी गौशाला की मांग—

उल्लेखनीय है कि गत 24 जून को लंपी स्किन डिजीज के राज्यव्यापी नियंत्रण एवं रोकथाम टीकाकरण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत ने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के समक्ष नीलकंठ महादेव मंदिर के निकट गौशाला स्थापित करने की आवश्यकता रखी थी। मंत्री ने शीघ्र गौशाला खोलने का आश्वासन दिया था।

मंत्री एवं विधायक के प्रयासों से कम समय में गौशाला को साकार किया गया। गौशाला के लोकार्पण से क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ गोसेवा एवं संरक्षण के कार्यों को गति मिलेगी।

गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश—

कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत एवं विधायक शंकर सिंह रावत ने मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर जोर दिया।

मंत्री कुमावत ने कहा कि गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। गौशालाएं गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखते हुए गोवंश के बेहतर संरक्षण पर जोर दिया।

विभागीय योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में पशुपालन, गौपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने पशुपालकों एवं गोसेवा से जुड़े लोगों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गोसेवा, गोवंश संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। गौशाला लोकार्पण एवं पौधारोपण के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सेवा, संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया।

#JoraramKumawat #BeawarNews #GaushalaInauguration #GauSewa #RajasthanGovernment #BeawarMLA #AnimalHusbandry #EnvironmentalProtection #NandiGaushala #RajasthanNews

Previous

राजस्थान: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भीलवाड़ा के पीपलूंद में 'संत रविदास चारागाह विकास कार्य' और सार्वजनिक गौशाला का किया शुभारम्भ

Next

आमजन की समस्याओं के समाधान में 'जन अभाव अभियोग निराकरण समिति' बने मजबूत सेतु: राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा