भारत - रूस व्यापार को और बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर सहमत
आरएस अनेजा, 27 सितम्बर नई दिल्ली - केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में कृषि भवन में रूस के उप प्रधानमंत्री दिमित्री पत्रुशेव के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने आपसी हित के व्यापक मुद्दों पर सार्थक चर्चा की, जिसमें द्विपक्षीय व्यापार और कृषि क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष ज़ोर दिया गया। बातचीत के प्रमुख क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच कृषि व्यापार को बढ़ाना शामिल था। इसमें विशेष रूप से भारत के कृषि उत्पादों के निर्यात के विस्तार के माध्यम से कृषि व्यापार को बढ़ाने पर जोर दिया गया।
रूस के उप प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए, कृषि मंत्री चौहान ने भारत और रूस के बीच दीर्घकालिक साझेदारी की विशेषता वाले पारस्परिक विश्वास और समझ के अनुकरणीय स्तर पर ज़ोर दिया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं को साझा किया, जिनमें खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, किसानों की आय बढ़ाना और सभी के लिए सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन तक पहुँच को बढ़ावा देना शामिल है।
वसुधैव कुटुम्बकम - अर्थात् विश्व एक परिवार है - के सिद्धांत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, श्री चौहान ने किसानों के कल्याण और नागरिकों की खाद्य सुरक्षा में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की भूमिका पर ज़ोर दिया।
दिमित्री पात्रुशेव ने कृषि सहित कई क्षेत्रों में भारत और रूस के बीच दीर्घकालिक और सुदृढ़ सहयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के बीच कृषि व्यापार संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में रूस की गहरी रुचि व्यक्त की और एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर के माध्यम से इस साझेदारी को औपचारिक रूप देने में रुचि दिखाई।