अंबाला: खड़ी स्कूटी से लैपटॉप चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की करतूत
अम्बाला, 28 जनवरी (अन्नू ): अंबाला के बलदेव नगर इलाके में चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जहां एक अज्ञात चोर दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी स्कूटी से लैपटॉप उड़ा ले गया। घटना दोपहर करीब 2:40 बजे की है, जब पीड़ित अजय ने अपनी एक्टिवा को घर के बाहर पार्क किया था। महज कुछ ही पलों के भीतर शातिर चोर ने हाथ साफ कर दिया। जब अजय वापस लौटे, तो उन्हें स्कूटी पर रखा बैग गायब मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
चोरी की यह पूरी घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि नारंगी रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक स्कूटी के पास आता है और बैग उठाकर तेजी से फरार हो जाता है। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए लैपटॉप की बाजार में कीमत लगभग 45 हजार रुपये है। हालांकि, आर्थिक नुकसान से ज्यादा चिंता का विषय लैपटॉप में मौजूद वह डेटा है, जिसमें उनके व्यापार से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज और बिजनेस ट्रांजेक्शन का विवरण शामिल था।
घटना की सूचना मिलने के बाद बलदेव नगर थाना पुलिस ने अजय की शिकायत पर औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है और हुलिए के मिलान के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#Ambala #AmbalaNews #CrimeUpdate #CCTVFootage #TheftAlert #BaldevNagar #HaryanaPolice #LaptopTheft #BusinessSecurity #SafetyFirst #CrimeScene #AmbalaCity #LocalNews #StaySafe #TheftCase #Awareness #PoliceInvestigation #DailyNews #HaryanaCrime