अंबाला CIA नारायणगढ़ का बड़ा एक्शन: हेरोइन तस्करी में जीजा-साला गिरफ्तार
अंबाला, 16 अप्रैल (अन्नू): नशा तस्करी के खिलाफ अंबाला पुलिस के विशेष अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब CIA नारायणगढ़ की टीम ने नेशनल हाईवे, पतरेहड़ी के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से 56.67 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी आपस में जीजा-साला हैं और लंबे समय से नशे के काले कारोबार में लिप्त हैं।
आरोपियों का काला चिट्ठा: हत्या और तस्करी के पुराने मामले
पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल कुमार (निवासी मघरपुर, शहजादपुर) और कर्ण (निवासी साढ़ौरा, यमुनानगर) के रूप में हुई है। इन दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के लिए चौंकाने वाला है:
पुरानी गिरफ्तारी: जून 2025 में भी CIA ने इन्हें नशे की खेप के साथ पकड़ा था, लेकिन ये जमानत पर बाहर आ गए थे।
हत्या का मामला: मुख्य आरोपी साहिल के खिलाफ थाना शहजादपुर में हत्या जैसा संगीन मामला भी दर्ज है। जमानत पर बाहर आने के बाद इन आरोपियों ने सुधार करने के बजाय फिर से तस्करी की राह चुन ली।
पंचकूला में सप्लाई करने की थी तैयारी
जांच अधिकारी ASI अमन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी मघरपुर गांव से गाड़ी में सवार होकर पंचकूला की ओर नशा सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर तुरंत नाकाबंदी कर इस खेप को बीच रास्ते में ही पकड़ लिया गया। फिलहाल थाना शहजादपुर में इनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
साहिल पुलिस रिमांड पर, कर्ण पहुंचा जेल
कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी कर्ण को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मास्टरमाइंड साहिल को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि ये हेरोइन कहां से लाए थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं। पुलिस का लक्ष्य तस्करी की इस पूरी चेन को जड़ से खत्म करना है।
पुलिस की अपील: आप भी बनें सहभागी
अंबाला पुलिस ने जनता से सहयोग मांगते हुए कहा है कि समाज को नशे की दलदल से बचाने के लिए जागरूक नागरिक बनें। यदि आपके आसपास कोई नशा बेचता है, तो हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
#AmbalaNews #DrugBust #HaryanaPolice #NarayanGarh #DanikKhabar #SayNoToDrugs #CriminalArrest #HeroinSeized #CrimeUpdate #AmbalaPolice #DanikKhabarAmbala
Previous
अंबाला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 21 अप्रैल को: 4 लाख से अधिक बच्चों और महिलाओं को मिलेगी पेट के कीड़ों की दवा
Next