16/04/26

अंबाला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 21 अप्रैल को: 4 लाख से अधिक बच्चों और महिलाओं को मिलेगी पेट के कीड़ों की दवा

अंबाला, 16 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला जिले को कुपोषण और एनीमिया (खून की कमी) से मुक्त करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त (DC) अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि 21 अप्रैल को पूरे जिले में 'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस' मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष की आयु के करीब 3.81 लाख बच्चों और 20-24 वर्ष की 25 हजार महिलाओं को 'एलबेंडाजॉल' की गोली मुफ्त दी जाएगी। उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि जिले का एक भी बच्चा इस दवा से वंचित न रहे।


स्कूलों और आंगनबाड़ियों में मिलेगी मुफ्त दवा


सिविल सर्जन डॉ. रेनु बेरी ने जानकारी दी कि यह दवा बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। यह एक चबाने वाली गोली है, जिसे आसानी से लिया जा सकता है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं। यह दवा सभी सरकारी व निजी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और वार्ड स्तर पर इस मुहिम को सफल बनाने के लिए तैनात रहेंगी।



5 मई को मनाया जाएगा 'मॉप अप' दिवस


प्रशासन ने उन बच्चों के लिए भी योजना बनाई है जो किसी कारणवश 21 अप्रैल को दवा नहीं ले पाएंगे। ऐसे बच्चों को कवर करने के लिए 5 मई को 'मॉप अप' दिवस आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि पेट में कीड़े होने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास रुक जाता है, इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को यह दवा जरूर खिलाएं।


हेल्पलाइन:

अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करें।


#AmbalaNews #HealthDepartment #DewormingDay #DanikKhabar #HealthyAmbala #NationalDewormingDay #AmbalaHealth #HaryanaGovt #DCअंबाला #DanikKhabarAmbala

Previous

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खास गुर्गा 'रूबल' गिरफ्तार, विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद

Next

अंबाला CIA नारायणगढ़ का बड़ा एक्शन: हेरोइन तस्करी में जीजा-साला गिरफ्तार