अंबाला: सरकारी नौकरी और बिजली बिल सेटलमेंट के नाम पर ₹9.83 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अंबाला, 7 अप्रैल (अन्नू): अंबाला के बराड़ा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने और बिजली बिल कम कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अंबाला शहर की शिव कॉलोनी निवासी लवली सिंगला के रूप में हुई है। बराड़ा थाना प्रभारी सुरिन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी करीब एक साल से फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर कोर्ट से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सरकारी गाड़ी और रसूख दिखाकर जीता भरोसा
घटना की शुरुआत मई 2025 में हुई थी, जब खुड्डा कलां निवासी सलिंदर कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। सलिंदर का बराड़ा अनाज मंडी में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्यालय है। आरोप है कि लवली सिंगला अपने साथियों प्रदीप (पंचकूला) और अभिषेक (अंबाला) के साथ सलिंदर के ऑफिस आता था। ठगों ने अपनी गाड़ी पर सरकार की नेम प्लेट लगा रखी थी, जिससे प्रभावित होकर सलिंदर उनके झांसे में आ गया। आरोपियों ने दावा किया कि बिजली बोर्ड पंचकूला के एमडी (MD) से उनके अच्छे संबंध हैं और वे युवाओं को सरकारी नौकरी दिलवा सकते हैं।
नौकरी के नाम पर 6 लाख और बिलों के नाम पर 3.83 लाख ऐंठे
सलिंदर ने अपने भतीजों और रिश्तेदारों की नौकरी के लिए आरोपियों को 4 लाख रुपये नकद और 2 लाख रुपये ऑनलाइन दिए। इसके बाद ठगों ने एक और जाल बुझा। उन्होंने कहा कि वे भारी बिजली बिलों का 'सेटलमेंट' (कम करवाना) करवा सकते हैं। सलिंदर ने अपने करीब आधा दर्जन साथियों से कुल 3.83 लाख रुपये इकट्ठा कर अपनी पत्नी के खाते से आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए। बदले में आरोपियों ने फर्जी एनओसी (NOC) और रसीदें थमा दीं।
फर्जी रसीदों से खुला धोखाधड़ी का राज
ठगी का खुलासा तब हुआ जब बिजली विभाग के कर्मचारी पीड़ितों के घर पहुँचे। जब पीड़ितों ने आरोपियों द्वारा दी गई रसीदें दिखाईं, तो विभाग ने उन्हें फर्जी करार दिया। इसके बाद जब सलिंदर ने आरोपियों के बताए गए कार्यालय में जाकर छानबीन की, तो पता चला कि वहां उस नाम का कोई व्यक्ति काम ही नहीं करता। पुलिस अब रिमांड के दौरान लवली सिंगला से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की गई रकम को बरामद किया जा सके।
#BararaNews #AmbalaCrime #FraudAlert #HaryanaPolice #JobScam #ElectricityBillScam #BreakingNews #AmbalaUpdate #DanikKhabar
Previous
न्यू चंडीगढ़: शोरूम के बाहर सेल्सगर्ल पर पति का खूनी हमला, चाकू से किए 6 वार; आरोपी गिरफ्तार
Next