28/08/25

अजमेर बनेगा खेलों का नया हब, खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान

एन.एस.बाछल, 28 अगस्त, जयपुर।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के एथेलेटिक्स खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की बजट घोषणा के अनुरूप बुधवार को अजमेर के पटेल स्टेडियम में एथलेटिक्स अकादमी का लोकार्पण किया। यह अकादमी राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर द्वारा संचालित है।

लोकार्पण अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि एथेलेटिक्स खेल अकादमी के भवन का लोकार्पण युवाओं के सपनों की उड़ान है। यह दिन अजमेर के खेल इतिहास का स्वर्णिम दिवस होगा। यह अकादमी राजस्थान की शान और भारत का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के लिए एक नई पहचान बनेगी। इस अकादमी में 30 खिलाड़ियों के लिए भोजन, शिक्षा एवं खेल प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने वर्ष 2024 के बजट में अजमेर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एथलेटिक्स खेल अकादमी की घोषणा की थी।

वासुदेव देवनानी ने कहा कि मैंने कॉलेज शिक्षा के समय से ही यह निश्चय था कि खेलों के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। खिलाड़ियों को पहचान मिले और उन्हें परंपरागत खेलों को भी अपनाना चाहिए। कबड्डी एक ऎसा ही खेल है, जिसमें खर्च कम होता है और हमारे जिले में इसके उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं। खेल केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं बल्कि परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा का प्रतीक है। इसमें जात-पात से ऊपर उठकर हर खिलाड़ी की प्रतिभा को सम्मान मिलता है।

उन्होंने कहा कि नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में स्वर्णिम भाला फेंक कर देश को गौरवान्वित किया और पहलवानों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया। खेलों में कोई हारता नहीं है यह हमें पुनः लड़ने की प्रेरणा देता है। खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों से सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। मेरी आकांक्षा है कि आने वाले समय में अजमेर का खिलाड़ी ओलंपिक और कॉमनवेल्थ जैसे बड़े आयोजनों में भाग लेकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करे।

वासुदेव देवनानी ने कहा कि अकादमी के लोकार्पण से अजमेर खेलों का हब बनेगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्थानीय खेलों से परिचित होंगे। उन्होंने कहा कि बड़े सपने और कठोर परिश्रम ही सफलता की कुंजी हैं। यह अकादमी युवाओं के सपनों को दिशा देगी और वे देश का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मैदानों में लहराएंगे। उन्होंने जर्मनी में आयोजित वल्र्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में पदक जीतने पर खिलाड़ी महिमा चौधरी को शुभकामनाएं भी दीं।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal

Previous

विश्नोई समाज का पेड़ों एवं वन्यजीवों के प्रति अनूठा जज्बा हम सबके लिए प्रेरणा

Next

ऊर्जा मंत्री ने दिए निर्देश कि आगामी रबी सीजन में किसानों को मिले व्यवधान रहित बिजली