दो दशक बाद कुरुक्षेत्र में सजेगा राज्य स्तरीय पशु मेला, रैंप पर उतरेंगे चैंपियन पशु
हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 04 फ़रवरी(अन्नू ): हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र एक बार फिर ऐतिहासिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। ब्रह्मसरोवर के निकट केडीबी मेला ग्राउंड में आगामी 6 फरवरी से तीन दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय पशु मेले का आगाज होगा।
लगभग 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कुरुक्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर पशु मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस अनूठे आयोजन में गाय, भैंस और घोड़ों से लेकर ऊंट और भेड़-बकरियां भी रैंप पर अपनी खूबसूरती और नस्ल का प्रदर्शन करती नजर आएंगी। पशुपालन विभाग ने इस बार सुअर पालन को भी इसमें शामिल किया है, जिससे मेले का आकर्षण और बढ़ गया है।
पशुपालकों की सुविधा और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने विशेष प्रबंध किए हैं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसानों और पशुपालकों को लाने के लिए 200 सरकारी बसों की निशुल्क व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतिदिन करीब 15,000 लोग मेले का लाभ उठा सकें। इस तीन दिवसीय उत्सव में कुल 1500 पशुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिनके बीच 53 अलग-अलग श्रेणियों में कड़ा मुकाबला होगा। पशुओं के लिए विशेष प्रदर्शन रिंग तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, पशुओं के चारे और पशुपालकों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था विभाग द्वारा सुनिश्चित की गई है।
मेले का मुख्य आकर्षण पशुओं का रैंप वॉक होगा, जहाँ साहिवाल, मुर्राह और एचएफ जैसी उच्च नस्लों के पशु अपनी श्रेष्ठता साबित करेंगे।
पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. जसबीर सिंह के अनुसार, इस आयोजन का मकसद पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है। इसके लिए एनडीआरआई करनाल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ किसानों को पशुपालन के नए गुर सिखाएंगे।
#KurukshetraNews #PashuMela2026 #HaryanaAnimalFair #CattleShow #LivestockExpo #Dharmnagri #MurrahBuffalo #ModernFarming #DanikKhabar #HaryanaNews #Kurukshetra #AnimalMela #PashuFair