25/06/25

जर्मनी में प्रवासी भारतीयों से संवाद में आए महत्वपूर्ण सुझाव, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष ने दिया समाधान का आश्वासन

एन.एस. बाछल, 25 जून, जयपुर।

बर्लिन में भारतीय दूतावास में मंगलवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रवासी भारतीयों के साथ सौहार्दपूर्ण और जीवंत संवाद किया।

वासुदेव देवनानी के समक्ष प्रवासी भारतीयों ने महत्वपूर्ण सुझाव रखें, जिन पर देवनानी ने संबंधित मंत्रीगण से समाधान कराने का आश्वासन दिया|

संवाद के दौरान जर्मनी में राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष हरगोविंद सिंह राणा ने राजस्थान में एक ‘भाषा पार्क’ की स्थापना का सुझाव दिया, जहाँ जर्मन भाषा को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण एवं संवाद की एक नई सांस्कृतिक धारा आरंभ हो सके। उन्होंने रोजगारोन्मुखी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए युवाओं के लिए कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले प्रमाणन पाठ्यक्रमों को शिक्षा व्यवस्था में जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा जिससे प्रवास और रोजगार की दिशा में उनकी तैयारी को गति मिल सके। दीपक पाटिल ने बर्लिन और भारत के प्रमुख शहरों विशेषकर दिल्ली या मुंबई के बीच सीधी उड़ान की आवश्यकता को रेखांकित किया ताकि प्रवासी भारतीयों, छात्रों और व्यवसायिक यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक संपर्क मिल सके।

इस संवाद में उद्यमिता की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कमल मान ने बताया कि जर्मनी में बसे पंजाबी उद्यमी राजस्थान में निवेश करने को इच्छुक हैं और इसके लिए वे राज्य सरकार से मार्गदर्शन, पारदर्शिता और सुविधाओं की अपेक्षा रखते हैं।

वासुदेव देवनानी से श्रीमती शैलजा पाटिल ने वीज़ा नियमों के मानवीय पक्ष को रेखांकित करते हुए आग्रह किया कि जर्मनी में बसे भारतीयों के माता-पिता के लिए दीर्घकालिक वीज़ा की सुविधा सुनिश्चित की जाए, जिससे परिवार एक साथ लंबे समय तक रह सकें और पारिवारिक मूल्यों की गरिमा बनी रहे। श्री गोपीनाथ ने बर्लिन में भारतीय समुदाय द्वारा बनाए जा रहे श्री गणेश मंदिर का उल्लेख करते हुए भारत सरकार से सांस्कृतिक समर्थन की अपेक्षा जताई ताकि विदेशों में भारतीय संस्कृति की उपस्थिति और अधिक सुदृढ़ हो सके।

वासुदेव देवनानी ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सभी सुझावों को सुना और आश्वासन दिया कि इन सभी विषयों को वे संबंधित मंत्रालयों और विभागों के समक्ष गंभीरता से प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत के सच्चे सांस्कृतिक प्रतिनिधि हैं और उनकी सोच, अनुभव एवं दृष्टिकोण से न केवल राज्य, बल्कि देश समृद्ध होता है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को आश्वस्त किया कि राजस्थान सरकार ऐसे हर विचार और पहल के लिए प्रतिबद्ध है, जो जनहितकारी, नवाचार प्रेरित और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहन देने वाला हो। यह संवाद न केवल भारत-जर्मनी संबंधों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाला एक प्रेरणादायक अवसर सिद्ध हुआ बल्कि यह भी दर्शाया कि भारतीय संस्कृति, भाषा, शिक्षा और व्यापार समेत सभी सीमाओं से परे जाकर एक साझा भविष्य की दिशा में बढ़ सकते हैं।


Previous

राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष ने बर्लिन मेयर कार्यालय और स्टेट असेंबली का किया अवलोकन

Next

पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा, अरनिया कलां में शिक्षा मंत्री ने किया शिविर का शुभारंभ