बिल गेट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर चर्चा
आरएस अनेजा, 20 मार्च नई दिल्ली
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स इन दिनों भारत के दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्वास्थ्य सेवा और कृषि के साथ-साथ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में तकनीक, इनोवेशन समेत विभिन्न मुद्दों पर बात की।
बिल गेट्स ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सरकार और ‘बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन’ के बीच सहयोग की समीक्षा की। गेट्स ने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि और रोजगार सृजन के क्षेत्रों में सेवा वितरण में सुधार के वास्ते एआई और पूर्वानुमान विश्लेषण का फायदा उठाने के संबंध में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ भी चर्चा की।
गेट्स ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। बैठक के बाद एक बयान में चौहान ने कहा था, ‘‘बिल फाउंडेशन पहले से ही कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के सहयोग से भारत सरकार के साथ काम कर रहा है और आज फिर हमने चर्चा की कि हम किन क्षेत्रों में मिलकर काम कर सकते हैं।’’