22 मार्च को पंचकूला में जल शक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा
अम्बाला, 13 मार्च (अभी): हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीरवार को चण्डीगढ़ से आयोजित वीसी के माध्यम से उपायुक्तों व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए बताया कि 22 मार्च को पंचकूला में जल शक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री के साथ-साथ अन्य विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वीसी के माध्यम से उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत जल संचय विषय पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जो लोग कार्य कर रहे हैं उसे कार्यक्रम में शामिल करें। उन्होंने कार्यक्रम में इन लोगों को लाने व ले जाने के दृष्टिगत भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग व अन्य सम्बन्धित बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। वीसी उपरांत उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कैंप कार्यालय में सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए कि वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले है उसकी अनुपालना के तहत सभी कार्यो को समय रहते करना सुनिश्ति करना है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डा. ब्रहमजीत सिंह, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप शर्मा के साथ-साथ सम्बन्धित मौजूद रहे।