नारायणगढ़ एसडीएम ने अवैध खनन के परिवहन में शामिल दो ट्रेक्टर ट्रालियों को पकड़ कर खनन विभाग के हवाले किया
अम्बाला/नारायणगढ़, 13 मार्च (अभी): एसडीएम शाश्वत सांगवान द्वारा अवैध खनन के परिवहन में शामिल दो ट्रेक्टर ट्रालियों को पकड़ कर खनन विभाग के हवाले किया है। खनन विभाग ने नियानुसार कार्यवाही करते हुए इन दोनों ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया है।
एसडीएम ने वीरवार को नारायणगढ़-अम्बाला मार्ग पर निरीक्षण के दौरान अवैध खनन के परिवहन में शामिल दो ट्रेक्टर ट्रालियों को पकड़ा जिनमें से एक में रेता तथा दूसरी में गटकी/बजरी थी।
बता दें कि सरकार एवं उपायुक्त अम्बाला के निर्देशानुसार एसडीएम शाश्वत सांगवान द्वारा उपमण्डल नारायणगढ़ में अवैध खनन पर पूर्ण रूप से अंकूश लगाने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण सम्बंधी कार्यवाही की जा रही है।
माईनिंग विभाग, इन्फोरसमैंट टीम, पुलिस तथा आरटीए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। खनन निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि हरियाणा खनन एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध खनन तथा खनिज परिवहन को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नारायणगढ़ उपमंडल में भी लगातार खनन संबधी गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने को लेकर औचक निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित टीमें फिल्ड में रहकर निरंतरता में कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि उपायुक्त अजय सिंह तोमर हर माह बैठक लेकर अवैध खनन से सम्बन्धित जो कार्रवाई की जा रही है उसकी भी विस्तार से समीक्षा करते हैं तथा सम्बन्धित टीमों को स्पष्ट निर्देश हैं जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाशत नहीं किया जाएगा। अवैध खनन से सम्बन्धित यदि किसी की भी संलिप्तता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।