तोपखाना में खाटू श्याम का भव्य संकीर्तन, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब
जे कुमार, अम्बाला 13 नवम्बर - हर वर्ष की भांति श्री बाल कृष्ण खाटू श्याम प्रचार समिति द्वारा तोपखाना, अंबाला छावनी में भगवान श्री खाटू श्याम जी के भव्य संकीर्तन का आयोजन बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुँचकर श्री श्याम के भजनों पर झूमकर भक्ति रस में सराबोर हो गए। संकीर्तन स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों, पुष्पों और धार्मिक झंडों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला के मनोनित सदस्य एवं पूर्व उपाध्यक्ष अजय बवेजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंच पर पहुँचकर भगवान श्री खाटू श्याम जी की प्रतिमा के समक्ष माथा टेका और आरती में भाग लेकर श्याम प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। श्री बवेजा ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने समिति को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मंडली द्वारा “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” और “मेरा श्याम बड़ा मनोहर” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिन पर श्रद्धालु थिरकते और झूमते नजर आए। देर रात तक संकीर्तन चलता रहा और पूरे वातावरण में “जय श्री श्याम” के जयकारे गूंजते रहे।
समिति के अध्यक्ष श्री बाल कृष्ण ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन श्याम भक्तों के सहयोग से किया गया, ताकि समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश प्रसारित हो। कार्यक्रम के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामूहिक भक्ति का सुंदर उदाहरण बनकर सभी श्रद्धालुओं के मन में अविस्मरणीय स्मृति छोड़ गया।
#ambala #news #khatu-shyam #grand-sankirtan