वाहन चालक पर होती है वाहन और यात्रियों की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
एन.एस.बाछल, 09 अक्तूबर, जयपुर।
सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि स्टेट मोटर गैराज विभाग के वाहन चालक अपने कार्य में कुशल होते हैं एवं पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कर्मचारियों के छोटे से छोटे संवर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए भी तत्पर एवं संवेदनशील हैं। वाहन चालक संवर्ग की कुछ वाजिब समस्याएं हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
गौतम कुमार दक बुधवार को अखिल राजस्थान राज्य वाहन चालक एवं तकनीकी कर्मचारी संघ की राजस्थान स्टेट मोटर गैराज उप शाखा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर सम्बोधित कर रहे थे। राजस्थान राज्य मोटर गैराज विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में गौतम कुमार दक ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री प्रताप सिंह खुड़ी सहित पूरी कार्यकारिणी को पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में संवर्ग और विभाग की मजबूती के लिए बेहतर तरीके से कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी नई उमंग और उत्साह के साथ कार्य करेगी।
गौतम कुमार दक ने कहा कि वाहन चालकों का कार्य बहुत पेचीदा होता है। वाहन की सुरक्षा के साथ ही उसमें यात्रा कर रहे लोगों की सुरक्षा भी वाहन चालक की जिम्मेदारी होती है। वाहन चालक अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्वों को भी हमेशा अपनी स्मृति में रखें। नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रताप सिंह खुड़ी ने अपने संबोधन के दौरान वाहन चालकों के समक्ष आने वाली चुनौतियों एवं समस्याओं से अवगत करवाते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
राजस्थान स्टेट मोटर गैराज विभाग के कंट्रोलर मानसिंह मीणा ने विभाग स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार को अवगत करवाने का आश्वासन दिया। स्टेट मोटर गैराज विभाग के मुख्य अधीक्षक सुरेश शर्मा एवं ऑटोमोबाइल अभियंता रवि चौधरी सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वाहन चालक इस अवसर पर मौजूद रहे।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan