साहा चौक के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ ट्रक से टकराई सवारियों से भरी बस, बाल-बाल बची यात्रियों की जान
अंबाला, 17 जुलाई (अन्नू): साहा-अंबाला मुख्य मार्ग पर वीरवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। अंबाला की ओर से आ रही सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार बस साहा चौक के नजदीक अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर बस डिवाइडर लांघते हुए सड़क के दूसरी ओर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बाल-बाल बचे यात्री, सुरक्षित निकाले गए बाहर
राहत की बात यह रही कि बस में काफी संख्या में सवारियां मौजूद होने के बावजूद किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के समय ट्रक चालक भी अपनी गाड़ी के अंदर ही मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित है। दुर्घटना के तुरंत बाद बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से खुलवाया जाम
हादसे की सूचना मिलते ही साहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए क्रेन को मौके पर बुलाया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से एक तरफ करवाकर यातायात को सुचारू करवाया और जाम खुलवाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
#SahaNews #AmbalaNews #RoadAccident #BusAccident #HaryanaPolice #SahaPolice #SahaChowk #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
कुरुक्षेत्र: खेतों के पास ड्रेन में घुसा 6 फुट लंबा मगरमच्छ, आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद पकड़ा; भौर सैंदा प्रजनन केंद्र में छोड़ा
Next