05/07/26

अमेरिका की टाहो लेक में करनाल के 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत: दो दोस्तों को सुरक्षित निकाला, खुद की चली गई जान

अभिकान्त, 5 जुलाई, करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के एक 24 वर्षीय युवक अर्शदीप सिंह की अमेरिका की मशहूर और करीब 1645 फीट गहरी टाहो लेक (Lake Tahoe) में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। अर्शदीप अपने दोस्तों के साथ वीकेंड पर झील में नहाने गया था, जहाँ दो साथियों को पानी में डूबता देख उसने अपनी जान की परवाह किए बिना झील में छलांग लगा दी। अर्शदीप ने अदम्य साहस दिखाते हुए दोनों दोस्तों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे पानी के भंवर और अत्यधिक पानी पेट में भर जाने के कारण बाहर नहीं आ सका।

मौके पर मौजूद लोगों और बचाव दल ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना के बाद से करनाल की विकास कॉलोनी स्थित मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है। बेबस माँ और भाई ने भारत सरकार व प्रशासन से बेटे के शव को जल्द से जल्द वतन वापस लाने की मार्मिक अपील की है।

मृतक के छोटे भाई शरणदीप ने अमेरिका से आए फोन और अपनी बुआ से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि अर्शदीप अपने 4-5 दोस्तों के साथ टाहो लेक पर घूमने और नहाने के लिए गया था।

  • एक-एक कर दो दोस्तों को बचाया: नहाने के दौरान अचानक दो दोस्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे, जिन्हें तैरना नहीं आता था। अर्शदीप एक कुशल तैराक था। उसने बिना एक पल गंवाए पानी में छलांग लगाई और सूझबूझ से पहले एक दोस्त को किनारे लगाया। इसके तुरंत बाद वह दूसरे दोस्त को बचाने के लिए दोबारा गहरे पानी की तरफ गया और उसे भी सुरक्षित बाहर धकेल दिया।

  • खुद पानी में फंसा: दोनों दोस्तों को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद अर्शदीप खुद पानी के तेज जाल में फंस गया। हालांकि, किनारे पर मौजूद लोगों ने बहुत जल्दी मशक्कत कर उसे पानी से बाहर खींच लिया था, लेकिन इस प्रक्रिया के दौरान उसके फेफड़ों और शरीर के भीतर अत्यधिक मात्रा में पानी भर गया था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमेरिकी पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवा दिया है।

परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि अर्शदीप बीए (BA) पास था और अपने परिवार का भविष्य संवारना चाहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसने विदेश जाने का मन बनाया। साल 2023 में परिवार ने अपनी जमीन और अन्य जरियों से करीब 45 लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज (Loan) उठाकर अर्शदीप को बेहद खतरनाक 'डंकी रूट' (Illegal Route) के जरिए अमेरिका भेजा था।

अमेरिका पहुंचने के बाद अर्शदीप कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो (Fresno) शहर में रहने वाले अपने बुआ और फूफा के पास रह रहा था। वह उनके बेटे हैरी के साथ ही एक कमर्शियल स्टोर में काम करता था। उसका एकमात्र सपना और लक्ष्य यही था कि वह दिन-रात मेहनत करके पहले भारत में लिया हुआ 45 लाख का कर्ज उतारे और फिर अपनी माँ व भाई को एक अच्छी जिंदगी दे सके।

छोटा भाई शरणदीप बताता है कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ दो साल पहले ही टूटना शुरू हो गया था, जब उनके पिता प्रगट सिंह की अचानक हार्ट अटैक (दिल का दौरा) आने से मौत हो गई थी। पिता के जाने के बाद बड़ी बहन की शादी हो चुकी थी और घर में केवल बुजुर्ग मां मनप्रीत कौर और शरणदीप ही रह रहे थे।

अर्शदीप ही विदेश से पैसे भेजकर पूरे घर का खर्च और कर्ज की किस्तें संभाल रहा था। इस भयानक हादसे ने हँसते-खेलते परिवार को पूरी तरह बिखेर कर रख दिया है। माँ मनप्रीत कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पहले से ही लाखों रुपये के कर्ज के भारी आर्थिक दबाव में है, और अब इस वज्रपात ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया है

हादसे की खबर मिलते ही अमेरिका में रह रहे अर्शदीप के बुआ-फूफा और अन्य भारतीय रिश्तेदार शव को भारत भेजने के लिए जरूरी कानूनी औपचारिकताएं (Paperwork) पूरी करने में जुटे हुए हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शव को वापस लाने की प्रक्रिया बेहद खर्चीली और जटिल है। इसी वजह से पीड़ित परिवार ने हरियाणा सरकार, मुख्यमंत्री और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि प्रशासनिक और कूटनीतिक स्तर पर दखल देकर उनके बेटे की पार्थिव देह को जल्द से जल्द करनाल लाने का प्रबंध किया जाए, ताकि माँ आखिरी बार अपने बेटे का चेहरा देख सके।

#KarnalNews #LakeTahoeDrowning #ArshdeepSingh #DonkeyRouteAmerica #FresnoNRI #HaryanaYouthDeath #KarnalToAmerica #TragicDrowning #IndianStudentUSA #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

CBI की बड़ी कार्रवाई: उत्तर रेलवे का चीफ मटीरियल्स मैनेजर और सीनियर क्लर्क रिश्वत लेते गिरफ्तार, 1 लाख रुपये बरामद

Next

फतेहाबाद के बीघड़ में दर्दनाक हादसा: नहर में नहाते समय डूबा 17 वर्षीय इकलौता बेटा, बचाने उतरा पिता भी पानी के तेज बहाव में बहा