नागरिक अस्पताल में 60 वर्षीय महिला के अंडेदानी से 10 किलो का ट्यूमर निकाला गया, ऑपरेशन रहा सफल
जे कुमार, अम्बाला छावनी, 7 अगस्त : नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी के सर्जन डॉक्टर रिधि गर्ग और डॉक्टर रजनी सैनी की विशेषज्ञ टीम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए लगभग 60 वर्षीय महिला के अंडेदानी (ओवरी) से करीब 10 किलो वजनी एडेनोमा ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। यह ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला, जिसमें अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों और टीमवर्क की भूमिका अहम रही।
डॉ. रिधि गर्ग ने बताया कि महिला करीब डेढ़ महीने पहले ओपीडी में जांच के लिए आई थी, जहां शुरुआती परीक्षणों के बाद पता चला कि उसकी अंडेदानी में लगभग 28 सेंटीमीटर आकार की गांठ है। तत्काल महिला को ऑपरेशन के लिए आवश्यक सभी मेडिकल परीक्षणों से गुजरवाया गया। रिपोर्ट्स के आधार पर महिला को स्पेशल वार्ड में 4 दिन तक भर्ती रखा गया, ताकि उसकी स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा सके। इसके बाद ऑपरेशन किया गया, जो पूरी तरह से सफल रहा।
डॉ. रिधि गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि, "ऐसे मामलों से यह सीख मिलती है कि शरीर में किसी भी असामान्य लक्षण की अनदेखी नहीं करनी चाहिए और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना आवश्यक है।"
इस विशेष उपलब्धि पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. पूजा पैंटल ने डॉक्टरों की टीम को बधाई दी और उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि, "इस तरह की जटिल सर्जरी का नागरिक अस्पताल में सफल होना इस बात का प्रमाण है कि आज यहां की चिकित्सा सुविधाएं किसी निजी अस्पताल से कम नहीं हैं।"
डॉ. पैंटल ने इसके लिए विशेष रूप से हरियाणा सरकार के ऊर्जा, परिवहन मंत्री अनिल विज का आभार प्रकट किया, जिनके प्रयासों से अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और उन्नत उपकरणों की सुविधा उपलब्ध हो सकी है। यह ऑपरेशन न सिर्फ अस्पताल की कार्यक्षमता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकारी अस्पतालों में भी उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं संभव हैं।
#anilvij #ambala #haryana #civilhospital #tumor #news