“फर्नीचर एक्सप्रेस” से जोधपुर के निर्यातकों को मिल रहा बड़ा व्यावसायिक लाभ
एन.एस.बाछल, 19 सितम्बर, जयपुर।
दी राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड (राजसिको) के सतत प्रयासों के फलस्वरूप अक्टूबर 2025 में माल प्रबंधन एवं परिवहन सेवा प्रदाता तथा व्यवसाय संवर्धक की नियुक्ति की गई और आई.सी.डी. जोधपुर को पुनः सक्रिय किया गया। प्रारंभ में कुछ कंटेनरों से शुरू हुई यह पहल अब 36 रेलगाड़ियों के माध्यम से 2,100 से अधिक टी.ई.यू. के परिवहन तक पहुंच चुकी है।
राजसिको ने मैसर्स दून लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से जोधपुर से मुंद्रा बंदरगाह तक समर्पित “फर्नीचर एक्सप्रेस” रेल सेवा प्रारंभ की है। इस सेवा का उद्देश्य राजस्थान के फर्नीचर एवं अन्य निर्यातकों को विश्वसनीय, प्रतिस्पर्धी तथा नियमित कंटेनर परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स सुविधा उपलब्ध कराना है।
28 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुई “फर्नीचर एक्सप्रेस” ने अल्प अवधि में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब तक 36 रेलगाड़ियों के माध्यम से 2,100 से अधिक टी.ई.यू. कंटेनरों का परिवहन किया जा चुका है। बढ़ती मांग को देखते हुए वर्तमान में प्रत्येक सप्ताह 2 से 3 रेल रेक का संचालन किया जा रहा है।
जोधपुर में खाली कंटेनरों की उपलब्धता से निर्यातकों को लाभ—
“फर्नीचर एक्सप्रेस” का एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक लाभ जोधपुर में खाली कंटेनरों की उपलब्धता है। एम.एस.सी., ओ.ओ.सी.एल. तथा अन्य प्रमुख शिपिंग कंपनियों के कंटेनर राजसिको आई.सी.डी. जोधपुर पर उपलब्ध होने से स्थानीय निर्यातकों की खाली कंटेनरों की व्यवस्था के लिए अन्य शहरों अथवा दूरस्थ स्थानों पर निर्भरता कम हुई है। इससे जोधपुर के निर्यातकों को कंटेनरों की कमी के कारण होने वाली देरी तथा अतिरिक्त व्यवस्था संबंधी खर्चों को कम करने में सहायता मिल रही है। समय पर खाली कंटेनर उपलब्ध होने से निर्यातक अपने माल की कंटेनर में पैकिंग एवं निर्यात भेजने की योजना पहले से अधिक बेहतर तरीके से तैयार कर पा रहे हैं।
एक ही स्थान पर संपूर्ण निर्यात लॉजिस्टिक्स सुविधा—
राजसिको आई.सी.डी. जोधपुर पर खाली कंटेनरों की उपलब्धता तथा वहां से नियमित रेल सेवा के माध्यम से भरे हुए कंटेनरों को मुंद्रा बंदरगाह भेजे जाने से निर्यातकों को एकीकृत लॉजिस्टिक्स समाधान उपलब्ध हो रहा है। इस व्यवस्था से खाली कंटेनर समय पर उपलब्ध हो रहे हैं। सड़क परिवहन पर निर्भरता तथा संबंधित परिवहन लागत में कमी आ रही है। नियमित रेल सेवा के कारण निर्यात भेजने की योजना बनाना अधिक सुगम हो गया है। 40 एच.सी. कंटेनरों के लिए प्रतिस्पर्धी दरों का लाभ मिल रहा है।
यह सेवा हापाग-लॉयड, जे. एम. बक्शी समूह, एम.एस.सी. एवं ओ.ओ.सी.एल. सहित प्रमुख शिपिंग साझेदारों के साथ संचालित की जा रही है। इससे जोधपुर के निर्यातकों को विभिन्न शिपिंग विकल्पों के साथ कार्य करने में सुविधा मिल रही है तथा कंटेनरों की उपलब्धता के विकल्प भी व्यापक हुए हैं।
यह पहल विशेष रूप से जोधपुर के फर्नीचर, हस्तशिल्प, ग्वार गम एवं अन्य निर्यात उद्योगों को अधिक सुगम, विश्वसनीय एवं प्रतिस्पर्धी निर्यात लॉजिस्टिक्स सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन का भविष्य” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया
Next