खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं - अलवर सांसद भूपेंद्र यादव
एन.एस.बाछल, 13 जून, जयपुर।
अलवर सांसद खेल उत्सव-2026 के अंतर्गत आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, बहरोड़ में आयोजित “समर कैंप 2026” (महिला वर्ग) के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने प्रतिभागी महिला खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह एवं वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा भी मौजूद रहे।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता का माध्यम नहीं हैं, यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का साहस भी विकसित करते हैं। वर्तमान समय में युवा खेल और तकनीक दोनों क्षेत्रों में अपनी क्षमता बढ़ाएं तो वे भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी रूप से सामना कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यह दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम का परिणाम है। समर कैंप जैसे आयोजन प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
भूपेंद्र यादव ने कबड्डी, बास्केटबॉल, खो-खो सहित विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला प्रतिभागियों से मुलाकात की तथा उनसे समर कैम्प से मिले लाभ का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि इस कैंप में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और खेल कौशल सीखने का अवसर मिला है। यह उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव युवाओं की प्रतिभा पहचानने और उन्हें उचित अवसर प्रदान करने की दिशा में एक व्यापक अभियान है। क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हॉकी एस्ट्रोटर्फ, कुश्ती स्टेडियम, खेल मैदान, रनिंग ट्रैक सहित अन्य खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
भूपेंद्र यादव ने केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से देश के उत्कृष्ट प्रशिक्षक इस कैंप से जुड़े और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि देश की बड़ी युवा आबादी ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। खिलाड़ियों में दिखाई देने वाला उत्साह, समर्पण और प्रतिभा यह विश्वास दिलाता है कि देश का भविष्य उज्ज्वल हाथों में है। उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारतीय बेटियां हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि खेल जीवन में सफलता प्राप्त करने की सीख देते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई गति मिली है।
राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की राज्य मिशन निदेशक (एसएमडी) प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि सांसद खेल उत्सव और समर कैंप युवाओं की प्रतिभा को पहचानने एवं उन्हें सही दिशा देने के प्रभावी मंच हैं। ऐसे आयोजन भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समापन समारोह के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षकों एवं कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले पीटीआई को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर अलवर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, महासिंह चौधरी, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, अंजली यादव एवं शानू यादव, अलवर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला, स्थानीय जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, आरपीएस स्कूल चेयरमैन मनीष राव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
जयपुर डेयरी को ₹133 करोड़ का बूस्टर डोज-प्रोसेसिंग प्लांट के आधुनिकीकरण से बढी प्रसंस्करण क्षमता -रोज बनेगा 70 टन घी, क्षमता हुई 20 लाख लीटर
Next