निर्जला एकादशी पर जयपुर नगर निगम का ‘अमृत सेवा अभियान’ सेवा और जनभागीदारी का बनेगा महाउत्सव
एन.एस.बाछल, 11 जून, जयपुर।
भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने तथा सेवा एवं जनकल्याण की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से जयपुर नगर निगम निर्जला एकादशी के अवसर पर 25 जून को ‘अमृत सेवा अभियान’ चलाने जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याण, सेवा और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सोच से प्रेरित यह अभियान शहरभर में सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगा। अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं नागरिकों के सहयोग से शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल, शरबत, जूस, छाछ एवं फलाहार वितरित किया जाएगा।
नगर निगम का उद्देश्य निर्जला एकादशी को केवल आस्था के पर्व तक सीमित न रखते हुए उसे सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के उत्सव के रूप में स्थापित करना है। इसी कड़ी में अधिक से अधिक नागरिकों, संस्थाओं एवं संगठनों को अभियान से जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण व्यवस्था की गई है।
नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा ने बताया कि आयोजन में भागदारी व सहयोग के इच्छुक नागरिक, सामाजिक संस्थाएं, व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं स्वयंसेवी संगठन http://www.amritseva.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा जारी QR कोड स्कैन कर भी आसानी से पंजीकरण कराया जा सकता है। पंजीकरण एवं आवंटन के उपरांत नगर निगम द्वारा कैनोपी, कुर्सियां, टेबल, पंखे, फ्रंट ब्रांडिंग बैनर तथा सामान्य स्वच्छता संबंधी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
जयपुर नगर निगम ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से इस पुनीत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है ताकि निर्जला एकादशी के अवसर पर सेवा, सहयोग और मानवता का यह महाअभियान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके तथा जरूरतमंदों को राहत प्रदान की जा सके। नगर निगम का यह प्रयास न केवल जनसेवा की भावना को सशक्त करेगा, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की संस्कृति को भी नई मजबूती प्रदान करेगा
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
राज्यपाल हिमाचल प्रदेश ने अखिल भारतीय कलाकार संघ के वार्षिक समापन समारोह की अध्यक्षता की
Next