01/07/26

गृह रक्षा विभाग राजस्थान की समीक्षा बैठक: स्वयंसेवकों के हित और आधुनिकीकरण पर मंत्री बाबूलाल खराड़ी का जोर

एन.एस.बाछल, 01 जुलाई, जयपुर।

जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने गृह रक्षा निदेशालय, जयपुर में गृह रक्षा विभाग की  समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों, स्वयंसेवकों के कल्याण तथा संगठन के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में महानिदेशक, गृह रक्षा मालिनी अग्रवाल, महानिरीक्षक, गृह रक्षा राजेश मीना, शासन उप सचिव गृह (आ.प्र.) सोविला माथुर, गृह विभाग के सलाहकार कैलाश चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने गृह रक्षा संगठन की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें स्वयंसेवकों के नियोजन, प्रशिक्षण व्यवस्था, विभागीय प्रबंधन प्रणाली, प्रशासनिक सुधारों तथा संगठन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। साथ ही होमगार्ड स्वयंसेवकों को मुख्यधारा में अधिक प्रभावी रूप से नियोजित करने के विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

स्वयं सेवा यानी स्वप्रेरणा-कठिन परिस्थितियों में समर्पण की तारीफ—

बाबूलाल खराड़ी ने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवक का अर्थ है स्वप्रेरणा से समाज और राष्ट्र की सेवा करना। गृह रक्षा स्वयंसेवकों ने अल्प मानदेय के बावजूद कोरोना महामारी, बाढ़, आगजनी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है, जो अत्यंत सराहनीय है।

राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ- 2026 पुस्तिका का विमोचन—

बाबूलाल खराड़ी ने राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ-2026 पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने शहरी गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन में होमगार्ड डेप्लॉयमेंट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपनाई जा रही पारदर्शी व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इसे विभागीय सुधारों की महत्वपूर्ण पहल बताया।

रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती और लंबित प्रस्तावों को मंजूरी का आश्वासन—

बाबूलाल खराड़ी ने स्वयंसेवकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने  का संकल्प जताते हुए विभागीय कल्याण कोष से जुड़े मामलों, दैनिक भत्ते तथा अन्य लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। गृह रक्षा स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बाबूलाल खराड़ी ने विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा आमजन की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में गृह रक्षा विभाग की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस- 2026 विजेताओं से मुख्य सचिव राजस्थान ने शासन सचिवालय में मुलाकात कर दी बधाई, विजेताओं ने 181 संपर्क पोर्टल की कार्यप्रणाली देखी और सराही

Next

पांचना बांध जल विवाद का 20 वर्ष बाद हुआ समाधान : राजस्थान