हिसार में महिपाल ढांडा ने मेधावी छात्रों और शिक्षकों को सम्मानित किया
चंडीगढ़, 09 मई (अभी) - हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आज के विद्यार्थी 2047 के विकसित भारत के कर्णधार हैं। विकसित भारत के सपने को पूरा करने में युवाओं की अहम भूमिका रहने वाली है। उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ताकत को देख रही है। आज देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं, जिनका नाम पूरी दुनिया में मशहूर है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और दुनिया की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है।
शिक्षा मंत्री हिसार के मंगाली अकालां में कस्तूरी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति हमारी शिक्षा प्रणाली को और अधिक सक्षम बनाएगी। आज हरियाणा एक अलग पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। हरियाणा के लोग हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर 100 से अधिक उत्कृष्ट शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नलवा विधायक श्री रणधीर पनिहार ने की। कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त और मेयर परवीन पोपली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।