अंबाला: उपायुक्त सचिन गुप्ता ने न्यू मिलाप नगर व पीली कोठी में डोर-टू-डोर जांचा बीएलओ का कार्य; मतदाता सूची सुधार की अपील
जे कुमार 3 सितम्बर 2026 अंबाला : अंबाला जिले में मतदाता सूचियों को पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी खुद मैदान में उतर गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त (DC) सचिन गुप्ता ने न्यू मिलाप नगर और पीली कोठी क्षेत्र में मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर बीएलओ (BLO) के सर्वे कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर मतदाता सूची से जुड़ी उनकी समस्याओं के बारे में जाना। न्यू मिलाप नगर के चरणजीत सिंह ने बताया कि उनके वोटर कार्ड में जन्मतिथि गलत थी, जिसे बीएलओ द्वारा दिए गए फॉर्म के जरिए जरूरी दस्तावेज लगाकर ठीक करवाया गया। वहीं, स्थानीय निवासी रामलाल के पिता के नाम में हुई गलती का सुधार भी संबंधित फॉर्म के माध्यम से कराया गया।
ऑनलाइन व ऑफलाइन सुधार के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
नया नाम जोड़ने हेतु (फॉर्म-6): यदि किसी पात्र नागरिक या 18 वर्ष से अधिक आयु के युवा का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
संशोधन हेतु (फॉर्म-8): नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
नाम कटवाने/आपत्ति हेतु (फॉर्म-7): किसी अपात्र, स्थानांतरित या मृत व्यक्ति का नाम सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
30 सितंबर तक जमा करें आवेदन:
उपायुक्त ने बताया कि नागरिक अपने क्षेत्र के एआरओ/एईआरओ कार्यालय, बीएलओ के पास या घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी किसी भी प्रकार की सहायता ली जा सकती है।
इस अवसर पर जिला चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा, तहसीलदार आदित्य रंगा सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
#AmbalaNews #AmbalaDC #VoterListRevision #ElectionCommissionOfIndia #AmbalaCity #VoterHelpline1950 #HaryanaNews #AmbalaUpdates
Previous
अंबाला कैंट: GMN कॉलेज में ‘डिकोडिंग टुमारो’ विषय पर विशेष व्याख्यान; एआई और कोडिंग के भविष्य पर मंथन
Next