09/06/25

शहरी स्थानीय निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन को कामयाब बनाने के लिए तैयारी बड़े स्तर पर

चंडीगढ़, 09 जून (अभी) - हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शहरी स्थानीय निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन को कामयाब बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। इस सिलसिले में उन्होंने सोमवार को विधान सभा सचिवालय में प्रदेश सरकार और हरियाणा विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रत्येक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। यह सम्मेलन हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में जुलाई के पहले सप्ताह में गुरुग्राम में होना प्रस्तावित है। विधान सभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व के विषय पर हो रहे इस सम्मेलन को सफल बनाना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वप्न ‘एक राष्ट्र एक विधायिका’ की दिशा में बढ़ता हुआ महत्त्वपूर्ण कदम है। इस सम्मेलन के निमित्त शहरी स्थानीय निकायों की देश के विकास में सहभागिता को बढ़ाने का रोडमैप तैयार हो रहा है। इस वर्ष पटना में आयोजित पीठासीन अधिकारियों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भी इस संकल्प को दोहराया गया है।

विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि इतने महान लक्ष्य की पूर्ति के लिए आयोजित इस पहले बड़े सम्मेलन की मेजबानी हरियाणा विधान सभा को मिली है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस सम्मेलन की कामयाबी न सिर्फ स्थानीय शहरी निकायों को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि विधायिका की कार्य प्रणाली तथा हरियाणा के आतिथ्य भाव की मिसाल भी पेश की जाएगी। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक वाई. एस. गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग, स्पीकर के सलाहकार राम नारायण यादव, हरियाणा विधानसभा के सचिव डॉ. सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Previous

वर्तमान भाजपा की केन्द्र सरकार के कार्यकाल को 11 साल हो गए हैं और ये 11 साल हिन्दूस्तान के गोल्डन पीरियड रहे- ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज

Next

आईएएस, आईपीएस व एचसीएस अधिकारी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में पारंगत बनाने में देंगे योगदान: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा