विशेष गहन पुनरीक्षण: हरियाणा में फॉर्म जमा करने की समय-सीमा अब 24 जुलाई तक बढ़ी; 31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट सूची
अभिकान्त, 14 जुलाई हरियाणा : भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन व गणना प्रपत्र प्राप्त करने का कार्य 24 जुलाई तक किया जाएगा। इसके साथ ही 24 जुलाई तक मतदान केंद्रों के रि-अरेंजमेंट कार्य को भी पूरा करना होगा जबकि ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन 31 जुलाई, 2026 को होगा।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई से 30 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी व इनका समाधान 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम नामावली यानी फाइनल वोटर लिस्ट 3 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि 14 जुलाई तक कुल 2,06,11,832 (99.79%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से 1,70,05,842 (82.33%) प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। अब तक 33,36,031 (16.15%) अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 24 जुलाई 2026 तक अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा कराएं या ऑनलाइन जमा करें। अन्यथा उनका नाम 31.07.2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों व संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप कार्यवाही करने के निर्देश भी जारी किए।
विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं।अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय, बीएलओ व 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
#HaryanaElections #VoterListRevision #ElectionCommission #VoterID #HaryanaNews #BLO #A_Srinivas #Awareness #VoterRegistration #Danikkhabar
Next