सोनीपत: कुंडली बॉर्डर पर 19 पेटी अवैध शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली सप्लाई की कोशिश नाकाम
हरियाणा , 24 सितंबर (अभिकान्त) : सोनीपत की कुंडली बॉर्डर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हुंडई ऑरा कार से 19 पेटी अवैध शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो शराब को सोनीपत से दिल्ली ले जाने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान पीएसआई नसीम और एचसी सोमबीर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार में अवैध शराब भरकर सोनीपत से दिल्ली की ओर रवाना हो रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुंडली बॉर्डर मोड़ पर तैनात नाका इंचार्ज निरीक्षक अशोक कुमार की टीम के साथ मिलकर बैरिकेडिंग की और वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार (HR 55 BC 2721) आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी को तेज गति से मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और कार को रोककर दोनों सवारों को काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीवारी लाल और उसके भाई हरिओम, निवासी गांधी नगर (गीता कॉलोनी, ब्लॉक-10, दिल्ली) के रूप में हुई है। कार की गहन तलाशी लेने पर डिग्गी और पिछली सीट से 19 पेटी शराब के पव्वे बरामद किए गए। बरामद शराब में गांव जाहरी स्थित फ्रॉस्ट फालकन डिस्टिलरी की 5 पेटी 'नाइट ब्लू', 7 पेटी 'रेस 7' और 7 पेटी 'संतरा' देशी शराब शामिल हैं।
आरोपी मौके पर शराब के परिवहन से जुड़ा कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पुलिस ने कार और बरामद शराब को कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्य के रूप में ई-साक्ष्य ऐप (E-Sakshya App) के माध्यम से मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग तैयार की। दोनों आरोपियों के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम (हरियाणा संशोधन) की धारा 61-4-20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
#SonipatNews #KundliBorder #IllegalLiquor #ExciseAct #HaryanaPolice #DelhiNCR #Da7nikKhabar
Previous
हरियाणा में MSME के लिए लागू हुआ 'राइट टू बिजनेस एक्ट-2026': 25 दिनों में मिलेगी 'डीम्ड अप्रूवल'
Next