15/08/25

अंबाला छावनी में एसडीएम विनेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया

अम्बाला, 15 अगस्त (अभी): एसडीएम अंबाला छावनी विनेश कुमार ने एसडी कॉलेज अम्बाला छावनी में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में एसडीएम ने सबसे पहले एसडी कॉलेज अम्बाला छावनी परिसर में स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया।  मुख्यातिथि एसडीएम विनेश कुमार का समारोह स्थल पर पहुंचने पर अंबाला छावनी तहसीलदार प्रियंका व नायब तहसीलदार सुनील कुमार, नगर परिषद अम्बाला छावनी से ईओ देवेंद्र नरवाल, नायब तहसीलदार साहा हरिओम, एसडी कालेज की प्रिंसीपल डॉ. अलका शर्मा व अन्य ने पुष्प गुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यातिथि की धर्मपत्नी श्रीमति निशा कम्बोज, पुत्री ईनारा व पुत्र वेदार्थ व अन्य मौजूद रहें।


मुख्यातिथि एसडीएम विनेश कुमार ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का यह दिन केवल कैलेंडर की तारीख नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का दिन है, जो हमें याद दिलाता है मां भारती के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई। मैं इस पावन अवसर पर आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और विशेष रूप से उन वीर सैनिकों को प्रणाम करता हूं, जो देश की सीमाओं पर विपरित परिस्थितियों में भी तिरंगे की शान को बरकरार रखे हुए हैं, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। आज पूरा भारत तिरंगामय है, हर गली, हर घर तिरंगे के रंग में रंगा है और हर कौने में देशभक्ति की गूंज है। तिरंगा हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है।


आज मुझे यह कहते हुए बड़ा गर्व का अनुभव हो रहा है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 7 मई की रात को हमारे बहादुर सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। यह एक सटीक और साहसिक अभियान था, जिसमें हमारी सेना ने पाकिस्तान की सरजमीं पर जाकर आतंकवाद के 9 ठिकानों को ध्वस्त किया। यह कार्यवाही उनके लिए स्पष्ट संदेश थी जो आतंकवाद को प्रायोजित और पोषित करते हैं। भारत की ओर से उन्हें उनकी ही जमीन पर करारा जवाब दिया गया। इसके पश्चात एक और निर्णायक कार्रवाई की गई और ऑपरेशन महादेव चलाकर हमारे सुरक्षाबलों ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को समाप्त करने का काम किया।


हरियाणा की धरती केवल खेती-बाड़ी में ही नहीं, बल्कि वीरता में भी अग्रणी रही है। इतिहास के पन्ने गवाह हैं कि 10 मई 1857 को अम्बाला से स्वतंत्रता आंदोलन की जो चिंगारी उठी, उसने पूरे देश में आजादी की अलख जगा दी। उस चिंगारी ने गुलामी की नींव हिला दी और भारतवासियों के दिलों में आजादी का सपना हिलोरे लेने लगा। यह केवल संघर्ष की शुरुआत नहीं थी, बल्कि यह संदेश था कि अब अन्याय व गुलामी की जंजीरों को तोडऩे का समय आ गया है। उस पहली चिंगारी की स्मृतियों को संजोने के लिए हरियाणा सरकार अम्बाला छावनी में एक भव्य शहीदी स्मारक का निर्माण कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजनाए पीएम सूर्यघर योजना और पीएम गरीब कल्याण अन्न जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों भारतीयों को सशक्त बनाया गया है। इन पहलों से समाज के कमजोर वर्गों को बराबरी, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर मिला है।


आज भारत केवल सांस्कृतिक और सैन्य शक्ति में ही नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति के रूप में भी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। भारत आज विश्व की चैथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। प्रधानमंत्री के निरंतर प्रयासों से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर हम तेजी से अग्रसर हैं। प्रदेश सरकार ने अनेक ऐसी योजनाओं के तहत जिससे गरीब व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत गांवों को 24 घंटे बिजली, हर घर नल से स्वच्छ जल, हैप्पी कार्ड से गरीबों को मुफ्त यात्रा, श्रमिकों को वित्तीय सहायता, किसानों को बोनस और मुआवजा यह सब सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।


प्रदेश सरकार ने बिना खर्ची-बिना पर्ची के पिछले एक साल में 30 हजार युवाओं को नौकरियां दी हैं। अब तक 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सरकार द्वारा योग युक्त-नशा मुक्त अभियान चलाया, जिसमें लाखों युवाओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।


माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए पानीपत से देशव्यापी बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। इसी तर्ज पर प्रदेश सरकार ने भी लाडो सखी योजना शुरू की है। सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को अपनाते हुए समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याण पर ध्यान दिया है। किसी गरीब को आने-जाने में धन की समस्या आड़े न आए, इसके लिए हैप्पी योजना शुरू की है। गरीब परिवार अब रोडवेज की बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।


प्रदेश सरकार का प्रयास है कि हरियाणा को न केवल हरा-भरा बनाया जाए बल्कि स्वच्छ और सुंदर बनाने का भी संकल्प लिया है। वन महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में वृक्षारोपण किया जा रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। सरकार ने गांवों में कूड़े-कचरे के निपटान के लिए ठोस और तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाएं शुरू की हैं।


आज, इस पावन अवसर पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि चाहे कैसी भी चुनौती हो, हम अपने देश की गरिमा, उसकी अखंडता और उसकी स्वतंत्रता की रक्षा में अडिग रहेंगे। हम केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाले कल की भी नींव मजबूत करेंगे, ताकि भारत सशक्त, आत्मनिर्भर और विश्व में अग्रणी बन सके। यही संकल्प, यही कर्म और यही त्याग हमारे अमर शहीदों के प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। एक बार पुन: आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं।

#haryana #india #ambala #independenceday #flaghost #danikkhabar

Previous

प्रदेश भर में हर घर तिरंगा थीम पर मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

Next

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिम भोग गेहूं का आटा, दलिया और हल्दी उत्पादों को लॉन्च किया