• 24/09/26

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का बड़ा एक्शन: 10 से 14 साल से फरार 3 अंतरराज्यीय भगोड़े गिरफ्तार

नई दिल्ली , 24 सितंबर (अभिकान्त) : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फरार व भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 साल से भी अधिक समय से कानून की नजरों से बचकर भाग रहे तीन खूंखार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जा चुके इन बदमाशों को महीनों के कड़े तकनीकी सर्विलांस के बाद दबोचा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी हाईवे लुटेरे साहून, मेवात (हरियाणा) निवासी ड्रग तस्कर आबिद खान और मोहाली (पंजाब) निवासी कार चोर प्रभशरण सिंह के रूप में हुई है।

स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साहून कुख्यात 'सल्ली गैंग' का सक्रिय सदस्य है और पिछले 12 सालों से फरार था। वर्ष 2013 में कालिंदी कुंज के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद इसके चार साथियों को हथियार समेत पकड़ा गया था। यह गिरोह हरियाणा, राजस्थान और यूपी के मेवात क्षेत्र में हाईवे पर लूटपाट, कार जैकिंग और ट्रक चालकों के अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम देता था। वर्ष 2012 में इस गिरोह के सरगना सल्ली खान और 17 गुर्गों के पकड़े जाने पर 10 से अधिक राज्यों में डकैती व अपहरण के 60 से ज्यादा मामलों का खुलासा हुआ था, जिसके बाद गिरोह पर मकोका (MCOCA) लगाया गया था।

पकड़ा गया दूसरा आरोपी मेवात का रहने वाला अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों का तस्कर आबिद खान है, जो 11 साल से फरार चल रहा था। वर्ष 2014 में भीकाजी कामा पैलेस के पास से स्पेशल सेल द्वारा 36.240 किलोग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में आबिद का नाम सामने आया था। जांच में खुलासा हुआ था कि आबिद पाकिस्तान से सैंडलों और चप्पलों की तली में छिपाकर हेरोइन की तस्करी की खेप भारत मंगवाता था।

तीसरा आरोपी मोहाली निवासी प्रभशरण सिंह लग्जरी गाड़ियों की चोरी करने वाले सिंडिकेट का गुर्गा है और पिछले 14 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। यह गिरोह दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से करीब 80 लग्जरी गाड़ियां चुराने और लूटने की वारदातों में शामिल रहा है। वर्ष 2009 में साकेत से चोरी हुई फोर्ड एंडेवर कार के साथ इसे जीरकपुर-राजपुरा रोड पर पकड़ा गया था। इसकी निशानदेही पर पूर्व में होंडा एकॉर्ड, मोंटेरो/पजेरो, स्विफ्ट, इनोवा और फर्जी आरसी बरामद हुई थीं।

एसीपी आशीष कुमार और एसीपी विवेक त्यागी की देखरेख में की गई इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में फैले उनके नेटवर्क तथा पुराने अनसुलझे मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

#DelhiPolice #SpecialCell #HaryanaNews #MewatNews #GurugramNews #DrugSmuggling #CarTheftGangs #DanikKhabar

Previous

पूर्वी दिल्ली में राहगीरों को बड़ी सौगात: गीता कॉलोनी और रमेश पार्क में ₹12.8 करोड़ की लागत से बनेंगे 2 फुटओवर ब्रिज

Next

हिसार पुलिस को नशामुक्त प्रदेश अभियान के तहत बड़ी सफलता: 60 लाख रुपये का 114 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार