24/08/26

एस.डी. कॉलेज, अंबाला कैंट में शहीद शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर इतिहास विभाग ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जे कुमार अंबाला कैंट, 24 अगस्त 2026 : सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट के इतिहास विभाग द्वारा भारत की आजादी के महान नायक और अमर क्रांतिकारी शहीद शिवराम हरि राजगुरु की जयंती के अवसर पर एक विशेष स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शहीद राजगुरु की प्रतिमा व चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मदन ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त करते हुए बताया कि 24 अगस्त 1908 को महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ गांव में जन्मे शिवराम हरि राजगुरु के मन में बचपन से ही राष्ट्र सेवा की ज्वाला प्रज्वलित थी। वाराणसी में संस्कृत व शास्त्रों के अध्ययन के दौरान वे क्रांतिकारी विचारधारा से जुड़े और आगे चलकर हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन (HSRA) में भगत सिंह और सुखदेव के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।

साहस और त्याग की मिसाल:

डॉ. मदन ने राजगुरु के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि पहचान छिपाने और संगठन की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्होंने अपने शरीर पर बने 'ॐ' और 'राजगुरु' के निशानों को तेजाब से तक जला दिया था। 23 मार्च 1931 को देश की स्वतंत्रता की वेदी पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था।

राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संदेश:

विभाग के सहायक प्रोफेसर ललित कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन अमर शहीदों का जीवन आज के युवाओं के लिए दिशा-निर्देश का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शहीदों के पदचिह्नों पर चलते हुए अनुशासन, त्याग और जिम्मेदारी के साथ देश व समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

#SDCollege #AmbalaNews #AmbalaCantt #RajguruJayanti #ShaheedRajguru #FreedomFighters #HaryanaNews #SDCollegeAmbala #AmbalaUpdates

Previous

जी.एम.एन. कॉलेज में छात्र-नेतृत्व में एंटी-रैगिंग जागरूकता अभियान आयोजित; विद्यार्थियों ने लिया भयमुक्त परिसर का संकल्प

Next

गुड़गांव: हाई-सिक्योरिटी एंबियंस मॉल में चोरी; टाइटन शोरूम से उड़ा ले गए सवा 6 लाख की विदेशी घड़ियां