पीएम सूर्य घर योजना: अब बिजली बिल होगा जीरो; ₹1.10 लाख तक की भारी सब्सिडी का उठाएं लाभ
अम्बाला, 13 जनवरी (अभी) : उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा क्रियान्वित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल से यह योजना इतनी किफायती बन गई है कि पात्र परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना बहुत ही कम खर्च लगभग मुफ्त जैसा हो गया है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता प्रारंभिक निवेश करने में सक्षम नहीं है, तो उन्हें भी सरकारी बैंकों के माध्यम से न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। दो किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 8 से 10 यूनिट बिजली उत्पादन करता है, जो मासिक रूप से लगभग 300 यूनिट तक होती है। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार की जरूरतों के लिए पर्याप्त है, जिससे बिजली बिल लगभग शून्य हो जाता है। सरकार द्वारा आय वर्ग के अनुसार सब्सिडी को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को अधिकतम लाभ मिल सके।
अंत्योदय परिवार, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है तथा सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये व हरियाणा द्वारा 50 हजार रुपये कुल 1.10 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ जिन परिवारों की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है और वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये तथा प्रदेश सरकार से 20 हजार रुपये, जिसमें कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिलता है।
ऐसे ही जिन घरेलू उपभोक्ताओं की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक है, उन्हें केंद्र सरकार द्वारा एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये, अगले 1 किलोवॉट यानि 2 से 3 किलोवाट तक सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने पर 18 हजार रूपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस तरह अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
इच्छुक उपभोक्ता घर बैठे आधिकारिक पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता हैं।
#PMSuryaGhar #FreeElectricity #SolarSubsidy #HaryanaGovt #GreenEnergy #SolarRooftop #ZeroElectricityBill #SustainableLiving #EnergyRevolution #CleanEnergy2026 #ModiSarkarKiGuarantee #AntyodayaKalyan #SolarPowerIndia #EnergySavings #RenewableEnergy #UHBVN #EcoFriendly #PMModiScheme #AjaySinghTomar #SolarPowerSubsidy