पहलगाम आतंकी हमले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई , हमलावर आतंकियों को पनाह देने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 22 जून (अभी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पहलगाम में हमला करने वाले आतंकियों को पनाह देने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के पहलगाम में आतंकियों ने 22 अप्रैल को भयानक हमले को अंजाम दिया था, हमले में 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एनआईए के अनुसार, पहलगाम के बटकोट के परवेज अहमद जोथर और पहलगाम के हिल पार्क के बशीर अहमद जोथर ने हमले में शामिल तीन सशस्त्र आतंकवादियों की पहचान का खुलासा किया है और यह भी पुष्टि की है कि वे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक थे।
जांच के अनुसार, परवेज और बशीर ने हमले से पहले हिल पार्क में मौसमी ढोक (झोपड़ी) में तीन हथियारबंद आतंकवादियों को जानबूझकर शरण दी थी। दोनों लोगों ने आतंकवादियों को भोजन, आश्रय और रसद सहायता प्रदान की थी, जिन्होंने उस दुर्भाग्यपूर्ण दोपहर को धर्म की पहचान के आधार पर पर्यटकों को चुन-चुन कर मार डाला था।