दिल्ली : नोएडा एयरपोर्ट और करनाल तक चलेंगी नमो भारत ट्रेनें; NCRTC ने 4 नए कॉरिडोर की DPR सौंपी
अभिकान्त, 28 जुलाई हरियाणा : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में रैपिड रेल कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने चार नए नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर केंद्र सरकार को सौंप दी है।
राज्यसभा में सोमवार को एक लिखित प्रश्न के उत्तर में आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीआर में यात्रा को बेहद सुगम बनाने के उद्देश्य से निम्नलिखित चार नए नमो भारत कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं:
दिल्ली - करनाल कॉरिडोर
दिल्ली - बावल कॉरिडोर
बावल - बहरोड़ कॉरिडोर
गाजियाबाद - नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) कॉरिडोर
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने बताया कि ये चारों प्रस्तावित कॉरिडोर वर्तमान में स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के समक्ष विचाराधीन हैं। इसके अलावा, एनसीआर प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) ने अपनी 'फंक्शनल प्लान फॉर ट्रांसपोर्ट इन एनसीआर-2032' के तहत एनसीआर के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए कुल 8 क्षेत्रीय त्वरित परिवहन प्रणाली (RRTS) कॉरिडोर चिन्हित किए हैं।
इन चिन्हित कॉरिडोरों में दिल्ली-गुरुग्राम-रेवाड़ी-अलवर, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ, दिल्ली-सोनीपत-पानीपत, दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल, दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक, दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत, गाजियाबाद-खुर्जा और गाजियाबाद-हापुड़ शामिल हैं। इन नए रूट्स के शुरू होने से हरियाणा, दिल्ली और यूपी के बीच दैनिक यात्रियों का सफर बेहद तेज और आरामदायक हो जाएगा।
#NamoBharat #NCRTC #DelhiKarnalRRTS #NoidaAirport #HaryanaNews #NCRConnectivity #DelhiNews #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar
Previous
प्रधानमंत्री जन धन योजना में राजस्थान ने बनाई मजबूत पहचान, वित्तीय समावेशन से बदल रही लाखों जिंदगियां
Next