दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, वॉशरूम के फ्लश बटन से 1.47 करोड़ का सोना बरामद; बांग्लादेशी यात्री गिरफ्तार
अभिकान्त, 30 जून नई दिल्ली : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सोने की तस्करी के एक बेहद अनूठे और बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। दुबई से दिल्ली पहुंचे एक बांग्लादेशी ट्रांजिट यात्री ने आईजीआई एयरपोर्ट के डिपार्चर एरिया के वॉशरूम में फ्लश बटन के अंदर करीब 1.47 करोड़ रुपये मूल्य का सोना छिपा कर रखा था, जिसे कस्टम विभाग ने अपनी मुस्तैदी से बरामद कर लिया है।
कस्टम अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्री दुबई से दिल्ली पहुंचा था और यहां ट्रांजिट में था। यात्री के संदिग्ध ट्रांजिट ट्रैवल पैटर्न को देखते हुए कस्टम की टीम ने उसे अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर एरिया में ही चिन्हित कर लिया था और बाद में घेराबंदी करके उसे डिपार्चर एरिया के एक वॉशरूम के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी यात्री ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने तीन अंडाकार पीले रंग के पाउच को एक गहरे नीले रंग के मोजे में लपेटकर वॉशरूम के फ्लश बटन के अंदरूनी हिस्से में छिपा दिया था। अधिकारियों ने उसकी निशानदेही पर तुरंत तीनों पाउच बरामद किए, जिनमें सोने का पेस्ट भरा हुआ था।
इस पेस्ट की पूरी प्रोसेसिंग करने पर कुल 1,141.5 ग्राम शुद्ध सोना निकाला गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत 1,46,64,211 रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग ने इस सोने को कस्टम एक्ट-1962 के तहत जब्त कर आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इन दिनों तस्करों द्वारा कस्टम विभाग को चकमा देने के लिए लगातार नए पैंतरे और अजीबोगरीब तरीके आजमाए जा रहे हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। इसी तरह के एक अन्य मामले में शारजाह से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को भी फ्लाइट से आने पर पकड़ा गया था, जिसने अपनी सीट के नीचे दो ब्लैक पाउच में पेस्ट फॉर्म में रखा 2.755 किलोग्राम सोना छिपाया था, जिसकी कीमत करीब 3.8 करोड़ रुपये थी।
#IGIAirportDelhi #GoldSmuggling #DelhiCustoms #CrimeUpdateDelhi #AirportSecurity #GoldSeizedDelhi #TransitPassenger #DelhiNews #Danikkahabr
Previous
अग्रोहा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: गांव मीरपुर में हुई चोरी का चंद घंटों में खुलासा, आरोपी अंकुश गिरफ्तार, आभूषण बरामद
Next