हिसार में एटीएम लूट की बड़ी वारदात: गैस कटर से दो बैंकों के कैश सेफ काटकर 6 लाख रुपये की चोरी
अभिकान्त, 08 जून हिसार : हरियाणा के हिसार जिले में चोरों और बदमाशों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बेखौफ बदमाशों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर दो बैंकों के एटीएम (ATM) की सेफ को बेरहमी से काटा और महज कुछ ही घंटों के भीतर करीब 6 लाख रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बदमाशों ने चोरी के लिए शहर के दो अलग-अलग इलाकों को निशाना बनाया, जिससे साफ है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। बदमाशों ने पहली वारदात शहर में टेलीफोन एक्सचेंज के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में की, जहां कटर से सेफ को काटकर करीब 2 लाख रुपये की नकदी चुरा ली गई। इसके बाद बदमाशों ने ग्रामीण इलाके का रुख किया और गांव भिवानी रोहिल्ला में स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाते हुए वहां से भी इसी तकनीक से सेफ काटकर 4 लाख रुपये साफ कर दिए।
एक ही रात में दो एटीएम कटने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसार के पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धांत जैन खुद भारी पुलिस बल और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ वारदात स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों ही मामलों में बैंकों की शिकायतों के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आसपास के लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के सुराग और उनकी गाड़ियों की पहचान की जा सके।
#HisarNews #ATMRobbery #HaryanaCrime #SBIATM #UnionBank #HisarPolice #CrimeUpdate2026 #Danikkhabar
Previous
पंचकूला में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: एंटी नारकोटिक सेल ने 716 ग्राम चरस के साथ हर्षवर्धन को दबोचा, ई-साक्ष्य ऐप से हुई वीडियोग्राफी
Next