रोहतक: सुपवा छात्रों के म्यूजिक वीडियो शूट शुरू; 12 अक्टूबर तक शूट होंगे 8 प्रोजेक्ट्स, बैकलॉग खत्म करने पर जोर
जे कुमार रोहतक, 11 सितंबर 2026 : रोहतक स्थित दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (DLC SUPVA) में फिल्म एवं टेलीविजन (FTV) फैकल्टी के 2022 बैच के छात्रों के बहुप्रतीक्षित म्यूजिक वीडियो प्रोजेक्ट्स का व्यावहारिक शूट शुक्रवार से शुरू हो गया है। पहले दिन छात्रों की टीमों ने विभिन्न आउटडोर लोकेशन्स पर शूटिंग की। यह म्यूजिक वीडियो शूट शेड्यूल 12 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा, जिसके तहत कुल 8 म्यूजिक वीडियो तैयार किए जाएंगे।
कोर्स का बैकलॉग होगा खत्म:
फैकल्टी चेयरमैन (FC) महेश टीपी ने बताया कि यह म्यूजिक वीडियो शूट ग्रेजुएशन कर रहे छात्रों के 5वें सेमेस्टर के पाठ्यक्रम (Curriculum) का बेहद अहम हिस्सा है। यह शूट पिछले कुछ समय से लंबित पड़ा हुआ था, जिसके शुरू होने से छात्रों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि कुलगुरु डॉ. अमित आर्य छात्रों के कोर्स वर्क का बैकलॉग खत्म करने को लेकर बेहद गंभीर हैं। कुलगुरु ने स्पष्ट हिदायत दी है कि भविष्य में किसी भी व्यावहारिक कार्य (Practical Shoot) में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छात्रों की अलग-अलग टीमें संभाल रहीं कमान:
इस म्यूजिक वीडियो प्रोजेक्ट के लिए डायरेक्शन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी विभागों के छात्रों को मिलाकर अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। छात्र खुद ही डायरेक्टर, सिनेमैटोग्राफर, एडिटर और साउंड इंजीनियर की भूमिका निभाते हुए अपने-अपने म्यूजिक वीडियो तैयार कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा शूटिंग के सुचारू संचालन के लिए यूनिट मैनेजर तैनात किए गए हैं तथा कैमरा, लाइटिंग, जनरेटर व अन्य आवश्यक उपकरणों का प्रबंध यूनिवर्सिटी स्तर पर पहले ही पूरा कर लिया गया है।
#RohtakNews #DLCSUPVA #SUPVARohtak #FTVStudents #MusicVideoShoot #Rohtak #HaryanaEducation #HaryanaNews #BreakingNews
Previous
दैनिक खबर: आज 11 सितंबर , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार
Next