प्रदेश में आधारभूत ढांचे को लगातार किया जा रहा है मजबूत-कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा
चंडीगढ़, 10 अप्रैल (अभी) - हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण हिसार द्वारा सेक्टर 1 एवं 4, 3 एवं 5 तथा एम.जी.ए. क्षेत्र में वर्षा जल निकासी के 38.60 लाख रुपये के जल निकासी विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इस मौके पर मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। यह परियोजना न केवल नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाएगी बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों में वर्षा जल निकासी की आधुनिक एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यह कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है, जिससे नागरिकों को जल भराव की समस्याओं से राहत मिलेगी एवं शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार की प्राथमिकता जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना है और इसी दिशा में गांवों से लेकर शहरों तक सड़कें, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नई सडक़ परियोजनाएं, स्मार्ट ग्रिड, जलापूर्ति योजनाएं और आधुनिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा ताकि हर नागरिक को विकास का लाभ मिल सके और हरियाणा आत्मनिर्भर व समृद्ध प्रदेश के रूप में उभर सके।
इस अवसर पर हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर सिंह वर्मा, पार्षद मनोहर लाल वर्मा और अशोक मित्तल, सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।