01/03/26

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने होली मिलन समारोह में दिया एकजुटता और विकास का संदेश

चंडीगढ़, 01 मार्च  (अभी) : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की ओर से रविवार को एसपीआर रोड स्थित अनमोल कन्वेंशन सेंटर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

 

समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का प्रतीक है। यह पर्व हमें भेदभाव, कटुता और मनमुटाव को भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विभिन्न रंग मिलकर होली को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही क्षेत्र और प्रदेश का संतुलित विकास संभव है। होली का संदेश आपसी एकता, सौहार्द और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करना है, और हमें इसी भावना के साथ समाज व प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

 

22 मार्च को बादशाहपुर विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

 

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बने 15 महीने पूर्ण हो चुके हैं और जनता ने जिस विश्वास के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार को तीसरी बार समर्थन दिया है, उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़ी मांगों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर लागू कर रही है और की गई सभी घोषणाओं को मूर्त रूप देने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।

राव ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं विधानसभा वार रैलियां एवं जनसभाएं आयोजित कर विकास कार्यों की घोषणाएं कर रहे हैं। साथ ही पिछले 15 महीनों में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने जानकारी दी कि 22 मार्च को मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे पटौदी विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 2 बजे बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा एवं रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणाएं की जाएंगी।

 

बादशाहपुर विधानसभा से जुड़े विकास कार्यों की सूची आगामी 5 दिनों में कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें नागरिक

 

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के आरडब्ल्यूए, ग्राम पंचायतों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्तर पर स्वीकृत किए जाने वाले विकास कार्यों की सूची आगामी 5 दिनों के भीतर उनके कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें।

 

उन्होंने कहा कि प्राप्त मांगों की भौतिक (फिजिकल) रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी, जिसके आधार पर उन्हें आधिकारिक मांग पत्र में शामिल किया जाएगा, जिससे संबंधित परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पारदर्शी, जवाबदेह और परिणाममुखी प्रशासन देना है। प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

#RaoNarbirSingh #HoliMilan2026 #BadshahpurDevelopment #NayabSaini #HaryanaPolitics #GurugramEvents #PublicWelfare #ViksitHaryana #InfrastructureBoost #BJPPradesh #JanSabha2026 #SPRroad

Previous

पंजाब गुरुओं की धरती, तप-त्याग और बलिदान की भूमि है:  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Next

सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई: मोहाली में विदेशी हैंडलर्स से जुड़ा आतंकी मॉड्यूल पकड़ा गया, विस्फोटक जब्त