पंजाब गुरुओं की धरती, तप-त्याग और बलिदान की भूमि है:  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 01 मार्च  (अभी) : - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर में सैनी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है, यह तप, त्याग और बलिदान की भूमि है। उन्होंने कहा कि विभाजन की वेदना झेलने के बावजूद यहां के लोगों ने कभी निराशा को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और आत्मविश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब विधानसभा का आगामी चुनाव केवल सरकार बदलने का चुनाव नहीं है, यह चुनाव पंजाब की राजनीतिक दिशा को बदलने, समाज को सम्मान दिलाने का अवसर है।

 

उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उपस्थित जनसमूह को नमन करते हुए उन्होंने आह्वान किया कि सभी को मिलकर पंजाब को फिर से विकास के पथ पर अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा, हम सबने मिलकर पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाना है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सैनी समाज को सम्मान देने का काम किया है। मुझ जैसे एक छोटे कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाकर समाज को ताकत दी है।  उन्होंने बताया कि सोमवार को हरियाणा विधानसभा में वे अपना दूसरा बजट पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि 217  संकल्पों  में से 60 पूरे किए जा चुके हैं और 120 पर तेजी से काम चल रहा है।

 

प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में किडनी मरीजों को सभी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। बुजुर्गों को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक पेंशन घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपए दिए जा रहे हैं। किसानों की फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा रही हैं और 48 घंटे में भुगतान सुनिश्चित किया गया है। भावांतर भरपाई योजना से भी किसानों को लाभ मिल रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को मकान बनाकर दिए जा रहे हैं और जिन परिवारों के पास जमीन नहीं है, उन्हें प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लंबे समय से पंचायती भूमि पर निवास कर रहे परिवारों को मालिकाना हक  भी प्रदान किया गया है।

 

पंजाब की सत्ता कुछ हाथों में ही रहने से विकास प्रभावित हुआ

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की सत्ता कुछ हाथों में सिमटने से विकास प्रभावित हुआ है। अब राजनीति की दिशा बदलने का समय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में ओबीसी वर्ग एकजुट होकर निर्णायक भूमिका निभाएगा और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में योगदान देगा ताकि पंजाब को फिर से रंगला और खुशहाल प्रदेश बनाया जा सके। 

 

उन्होंने कहा कि पंजाब में 31 प्रतिशत ओबीसी वर्ग है, यह मिलकर राजनीति की धुरी बने और राजनीतिक भूमिका को निभाये। श्री सैनी ने कहा कि आज पंजाब के हालात बेहद खराब है। बेरोजगारी, नशा, अपराध और पलायन से जूझ रहे पंजाब को इन समस्याओं से निजात दिलाने का अब वक्त आ गया है। इस कार्य में सैनी समाज को बड़ी भूमिका निभानी है।

 

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार चुनाव से पहले राहुल गांधी ने हरियाणा में वोट चोरी के आरोप लगाए, लेकिन इन आरोपों को जनता ने सिरे से खारिज करने का काम किया है।

 

मुख्यमंत्री ने सैनी समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सरदार महंगा सिंह और श्री हरि सिंह सैनी को समाज के हीरे बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

 

उन्होंने कहा कि सैनी समाज नर सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। पंजाब में बाढ़ के समय समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहायता की। चंडीगढ़ के प्रसिद्ध रॉक गार्डन के निर्माता नेकचंद सैनी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने समाज में कला और संस्कृति की अमिट छाप छोड़ी है।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों और स्कूली बच्चों को सम्मानित किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक अश्विनी शर्मा, अखिल भारतीय सैनी सभा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह सैनी तथा आयोजक जगदीश सैनी, रघुवीर सिंह सैनी, लवली सैनी, प्रवीण कुमार सैनी, हरवीर सिंह, दरबार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#NayabSaini #DinanagarNews #SainiSamaj #PunjabPolitics #RnglaPunjab #Gurdaspur #OBCUnity #HaryanaBudget2026 #BJPIndia #SocialJustice #PoliticalShift #PunjabElections #NarendraModi #LadoLakshmiScheme

Previous

अंबाला में 14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत: आपसी समझौते से निपटेंगे लंबित मुकदमे

Next

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने होली मिलन समारोह में दिया एकजुटता और विकास का संदेश