अम्बाला: गांव भानोखेड़ी में आज होगा 'रात्रि ठहराव' कार्यक्रम, ग्रामीणों की दहलीज पर पहुंचेगा जिला प्रशासन
जे कुमार अम्बाला, 26 फरवरी 2026: अम्बाला ब्लॉक-1 के गांव भानोखेड़ी में आज जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए 'रात्रि ठहराव' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी नगराधीश (CTM) अभिषेक गर्ग ने देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत आज दोपहर बाद 4 बजे गांव के सामुदायिक भवन में होगी।
इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों का उनके घर के पास ही निवारण करना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना है। रात्रि ठहराव के दौरान जिला प्रशासन के सभी विभागाध्यक्ष (HODs) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के तहत अधिकारी न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे, बल्कि गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे और रात वहीं व्यतीत कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
नगराधीश ने बताया कि इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और पंचायती राज जैसे महत्वपूर्ण विभागों से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी लंबित समस्याओं को सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। प्रशासन की इस अनूठी पहल से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने और जनता व अधिकारियों के बीच की दूरी कम होने की उम्मीद है।
#AmbalaNews #NightHaltProgramme #Bhanokheri #PublicGrievance #AmbalaAdministration #RuralDevelopment #DirectGovernance #HaryanaPolice #AmbalaBlock1