22/08/26

HTET Result 2026: हरियाणा में 16.57% अभ्यर्थी हुए पास, पिछले 10 सालों में सबसे बेहतर रहा परिणाम

हरियाणा , 22 अगस्त (अभिकान्त) : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल 16.57% अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। पास प्रतिशत के मामले में इस बार का रिजल्ट पिछले 10 वर्षों की तुलना में सबसे अधिक और रिकॉर्डतोड़ रहा है। बोर्ड द्वारा 4 और 5 जुलाई को आयोजित की गई इस परीक्षा का परिणाम मात्र डेढ़ महीने के भीतर ही जारी कर दिया गया है।

शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कुल 2,33,894 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,92,000 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में बनाए गए 383 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया था। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में महिला परीक्षार्थियों की संख्या पुरुषों से काफी अधिक रही, जहाँ कुल 1,66,137 महिलाओं और 67,157 पुरुषों ने आवेदन किया था।

HTET परीक्षा मुख्य रूप से तीन स्तरों (लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3) पर आयोजित की जाती है। इस बार लेवल-2 (टीजीटी) के लिए सबसे अधिक 1,19,141 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। वहीं लेवल-1 (पीआरटी - प्राथमिक शिक्षक) के लिए 41,062 और लेवल-3 (पीजीटी - स्नातकोत्तर शिक्षक) के लिए 73,091 परीक्षार्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थी अब हरियाणा के सरकारी स्कूलों में निकलने वाली शिक्षक भर्तियों के लिए पात्र माने जाएँगे।

#HTETResult #BSEH #HaryanaNews #HTET2026 #TeacherRecruitment #DanikKhabar #BreakingNews #HaryanaEducation

Previous

भारत-मॉरिशस ऊर्जा क्रांति: तेल-गैस समझौते से मजबूत हुई हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी

Next

57वां IFFI 2026: नई दिल्ली में स्टीयरिंग कमेटी की पहली बैठक, युवा टैलेंट और 'ऑरेंज इकोनॉमी' पर विशेष जोर